&format=webp&quality=medium)
आईपीएल (IPL) में विराट कोहली (Virat Kohli) टॉप परफॉर्मर बने हुए हैं. वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेल रहे हैं. तमाम रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली को आईपीएल के 18वें एडिशन में सैलरी (Salary) या यूं कहें कि फीस (IPL Fees) के तौर पर 21 करोड़ रुपये मिलेंगे. बताया जा रहा है कि यह अमाउंट पिछले साल की तुलना में 40 फीसदी अधिक है. अब ये देखकर कई लोग सोच रहे हैं कि आखिर विराट कोहली को इन पैसों पर कितने रुपये का टैक्स (Tax) चुकाना होगा?
यहां सबसे पहले तो ये समझना होगा कि विराट कोहली किसी कंपनी के कर्मचारी नहीं हैं, ऐसे में उन्हें मिलने वाले पैसों को एक आम कर्मचारी को मिलने वाली सैलरी की तरह नहीं देखा जा सकता है. यह पैसे उन्हें उनके प्रोफेशन के लिए मिल रहा है. ऐसे में उन पर इनकम टैक्स भी आयकर अधिनियम के सेक्शन 28 के तहत बिजनेस या प्रोफेसन से हुई कमाई (income from business or profession) की तरह लगेगा. वह एक इंडिविजुअल की तरह टैक्स भरेंगे, ऐसे में उन्हें आईटीआर-3 फॉर्म भरना होगा.
मान लेते हैं कि विराट कोहली नए इनकम टैक्स स्लैब के तहत आईटीआर फाइल करेंगे. ऐसे में पहले ये जानना जरूरी है कि नया इनकम टैक्स स्लैब है क्या?

इनकम टैक्स स्लैब को देखकर ये साफ है कि 15 लाख रुपये तक विराट कोहली को कुल 1.40 लाख रुपये का टैक्स चुकाना होगा. वहीं 15-50 लाख के स्लैब में 35 लाख रुपये पर 30 फीसदी के हिसाब से 10.50 लाख रुपये का टैक्स देना होगा. इस तरह बिना सरचार्ज वाले स्लैब में विराट को कुल 11.90 लाख रुपये का टैक्स चुकाना होगा.
इसके बाद 50 लाख से 1 करोड़ रुपये के स्लैब में 50 लाख रुपये पर 30 फीसदी की दर से विराट को 15 लाख रुपये का टैक्स देना होगा. इतना ही नहीं, इस स्लैब में टैक्स पर 10 फीसदी सरचार्ज भी लगेगा. यानी 1.50 लाख रुपये अतिरिक्त टैक्स. इस तरह इस स्लैब में विराट को कुल 16.50 लाख रुपये का टैक्स देना होगा.
इसके बाद 1 करोड़ से 2 करोड़ के स्लैब में 1 करोड़ रुपये पर 30 फीसदी की दर से 30 लाख रुपये का टैक्स चुकाना होगा. इस स्लैब में सरचार्ज की दर 15 फीसदी है, तो उन्हें 4.50 लाख रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे. इस तरह कुल टैक्स बन जाता है. 34.50 लाख रुपये.
अगला स्लैब 2 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का है. ऐसे में विराट को बाकी 19 करोड़ रुपये पर 30 फीसदी की दर से 5.70 करोड़ रुपये का टैक्स देना होगा. इस स्लैब में 25 फीसदी सरचार्ज लगता है. ऐसे में विराट को 1,42,50,000 रुपये का सरचार्ज चुकाना होगा. इस तरह कुल टैक्स बन जाता है 7,12,50,000 रुपये.
अब अगर इन सभी स्लैब के तहत लगने वाले टैक्स को जोड़ दें तो कुल रकम आती है 7,75,40,000 रुपये (11.90 लाख+16.50 लाख+34.50 लाख+7,12,50,000 रुपये). इस पर 4 फीसदी का हेल्थ और एजुकेशन सेस भी लगेगा, जो 31,01,600 रुपये निकलता है. इस तरह विराट कोहली पर टैक्स की कुल देनदारी 8,06,41,600 रुपये होगी. अगर अगर उन्हें मिलने वाली 21 करोड़ की फीस से में यह अमाउंट घटा दें तो विराट कोहली के हाथ में आएंगे 12,93,58,400 रुपये.