खेल के मैदान पर 'ऑपरेशन सिंदूर'! पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने लगाया विजय तिलक, 9वीं बार जीता एशिया कप

Asia Cup 2025, India Vs Pakistan: एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से रौंदकर 9वीं बार एशिया कप के खिताब अपने नाम कर लिया है. टीम इंडिया की जीत के बाद पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए लिखा कि भारत जीतता है!
खेल के मैदान पर 'ऑपरेशन सिंदूर'! पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने लगाया विजय तिलक, 9वीं बार जीता एशिया कप

Asia Cup 2025, Ind Vs Pak: एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया है. तिलक वर्मा की बेहतरीन और यादगार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप का खिताब जीता. एक वक्त 20 रन पर टॉप तीन बल्लेबाजों को आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने 53 गेंद पर नाबाद 69 रन बनाया. इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे. पीएम नरेंद्र मोदी ने एशिया कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा- " खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर. नतीजा वही है - भारत जीतता है! हमारे क्रिकेटरों को बधाई!"

टीम इंडिया की खराब शुरुआत

147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी. भारत ने 20 के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष के बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. अभिषेक शर्मा 5, शुभमन गिल 12 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 1 रन बनाकर आउट हुए. तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भारत को मुश्किल समय से निकाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की. सैमसन अबरार अहमद पर एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे. सैमसन 21 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए.

Add Zee Business as a Preferred Source

शिवम दुबे-तिलक वर्मा ने संभाली पारी

सैमसन 77 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए. उस समय भारत को जीत के लिए 70 रन की आवश्यकता थी. इसके बाद तिलक वर्मा का साथ शिवम दुबे ने निभाया. दोनों ने 5वें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की और स्कोर को 137 तक पहुंचाया. शिवम 22 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद तिलक ने रिंकू के साथ मिलकर भारत को जीत दिला दी. भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता.

पाकिस्तान की दमदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दी थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की. साहिबजादा फरहान 38 गेंद पर 3 छक्के और 5 चौके की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए. भारत के खिलाफ यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था. फखर जमान 35 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए.

ताश के पत्तों की तरह ढही पाकिस्तानी बल्लेबाजी

पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिका और पूरी टीम 19.1 ओवर में 146 रन पर सिमट गई. भारत के लिए कुलदीप यादव ने फिर बेहतरीन गेंदबाजी की. कुलदीप ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए. अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। वरुण च्रकवर्ती ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए हैं.