शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस, ₹60 करोड़ की ठगी का है मामला

मुंबई पुलिस ने 60 करोड़ रुपये की ठगी मामले में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. व्यापारी दीपक कोठारी ने लगाया आरोप, कहा कि बिजनेस एक्सपेंशन के नाम पर रकम निजी खर्चों में उड़ाई गई.
शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस, ₹60 करोड़ की ठगी का है मामला

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा एक बार फिर से मुश्किलों में फंस गए हैं. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. दोनों पर एक बिजनेसमैन को 60 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है. मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिल्पा और राज के ट्रैवल लॉग्स खंगाले जा रहे हैं. जरूरत पड़ने पर उनके विदेश जाने पर रोक लगाने के लिए यह लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. जांच एजेंसियां पैसों के लेन-देन और कथित धोखाधड़ी की पूरी चेन को खंगाल रही हैं.

व्यापारी ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप

दरअसल, बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने मिलकर उन्हें 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लगाया. उनका कहना है कि 2015 से 2023 के बीच बिजनेस एक्सपेंशन के नाम पर जो रकम दी गई, वह असल में निजी खर्चों में उड़ा दी गई.

2015 से शुरू हुआ मामला

कोठारी का आरोप है कि साल 2015 में उनकी मुलाकात राजेश आर्या नाम के एक एजेंट से हुई थी, जिसने खुद को शिल्पा-राज की कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड का कनेक्शन बताया. आर्या ने उनसे 75 करोड़ रुपये का लोन मांगा और कहा कि इस पर उन्हें 12% सालाना ब्याज मिलेगा.

लोन देने के बाद इसे बाद में इन्वेस्टमेंट में बदल दिया गया. अप्रैल 2015 में कोठारी ने करीब 31.95 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए. सितंबर 2015 में दूसरा एग्रीमेंट हुआ और जुलाई 2015 से मार्च 2016 तक 28.54 करोड़ रुपये और दिए गए. इस तरह कुल 60.48 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम कोठारी ने दिए.

शिल्पा शेट्टी का अचानक इस्तीफा

अप्रैल 2016 में शिल्पा शेट्टी ने कथित तौर पर इस डील में पर्सनल गारंटी दी थी. लेकिन उसी साल सितंबर में उन्होंने अचानक कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद पता चला कि कंपनी पर पहले से ही 1.28 करोड़ रुपये का दिवालियापन केस चल रहा था, जिसकी जानकारी कोठारी को नहीं दी गई थी.

जब पैसे मांगे, शुरू हुई टालमटोल

कोठारी का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो शिल्पा और राज कुंद्रा ने टालमटोल शुरू कर दी और धीरे-धीरे जवाब देना ही बंद कर दिया. उनका कहना है कि यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश के तहत रचा गया.

FIR दर्ज, जांच जारी

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले में IPC की धारा 403, 406 और 34 के तहत FIR दर्ज की है. मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम आखिरकार कहां और कैसे इस्तेमाल की गई.

FAQs

Q1. शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर क्या आरोप है?

दोनों पर व्यापारी दीपक कोठारी को 60 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है.

Q2. यह मामला कब शुरू हुआ था?

यह मामला साल 2015 में शुरू हुआ, जब पहली बार निवेश के नाम पर रकम दी गई.

Q3. शिल्पा शेट्टी ने कब इस्तीफा दिया था?

उन्होंने सितंबर 2016 में कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था.

Q4. पुलिस ने कौन-कौन सी धाराओं में FIR दर्ज की है?

IPC की धारा 403, 406 और 34 के तहत FIR दर्ज हुई है.

Q5. लुकआउट नोटिस क्यों जारी किया गया?

ताकि दोनों आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सकें और जांच पूरी हो सके.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6