&format=webp&quality=medium)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर वो मध्य प्रदेश को एक बड़ी सौगात देने वाले हैं, जहां वो एक मेगा टेक्सटाइल पार्क का भूमि पूजन करेंगे. लेकिन ये पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी अपने जन्मदिन को किसी खास पहल या प्रोजेक्ट के साथ जोड़ रहे हैं. बीते वर्षों में भी उन्होंने अपने जन्मदिन को अलग-अलग तरीके से मनाया है, जिससे देश को कई महत्वपूर्ण योजनाएं और सौगातें मिली हैं. आइए जानते हैं कि बीते 5 सालों में पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन को कैसे मनाया और वो आज क्या खास करने वाले हैं.
इस साल पीएम मोदी अपना 75वां जन्मदिन मध्य प्रदेश के धार जिले के भैंसोला गांव में मनाएंगे. यहां वो एक मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड एपेरल पार्क (PM MITRA) का भूमि पूजन करेंगे. इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य विश्वस्तरीय टेक्सटाइल हब बनाना है, जिससे निर्यात और रोजगार को बढ़ावा मिल सके. ये पार्क 2150 एकड़ में फैला होगा और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. ये प्रोजेक्ट स्थानीय किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के जीवन को बदलने वाला है. पूरे देश में ऐसे 7 PM MITRA पार्क बनाए जा रहे हैं, और ये मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.
प्रधानमंत्री मोदी 10 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत धनराशि ट्रांसफर करेंगे. देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अब तक सबसे बड़ा महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. प्रधानमंत्री 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ और 8वां राष्ट्रीय पोषण माह अभियान का शुभारंभ करेंगे. देशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे.
इन स्वास्थ्य शिविरों में महिला स्वास्थ्य, पोषण, ब्लड डोनेशन, योग, टीबी, कैंसर, त्वचा रोग जैसी बीमारियों की जांच और इलाज की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. 'सुमन सखी चैटबॉट' को भी लॉन्च किया जाएगा. इस चैटबॉट का इस्तेमाल कर प्रेगनेंट महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लिया जा सकेगा. प्रधानमंत्री मोदी ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत एक सहायता ग्रुप की महिला को पौधा भेंट करेंगे. प्रदेश भर में 10 हज़ार से ज्यादा महिलाएं 'मां की बगिया' विकसित करेंगी.
पिछले साल, पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर ओडिशा का दौरा किया था. वहां उन्होंने 3800 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था और महिलाओं के लिए सुभद्रा योजना लॉन्च की थी. इस दौरान उन्होंने पीएम आवास योजना की लाभार्थी महिलाओं से मुलाकात की थी, और एक आदिवासी महिला ने उन्हें खीर भी खिलाई थी.
2023 में पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर PM Vishwakarma Yojana की शुरुआत की थी. इस योजना का मकसद कारीगरों और शिल्पकारों को कौशल प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाना है. इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (IICC) का उद्घाटन किया और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का विस्तार भी किया था.
पीएम मोदी का 2022 का जन्मदिन बेहद खास रहा था. इस दिन उन्होंने विलुप्त हो चुके चीतों को बसाने के लिए प्रोजेक्ट चीता शुरू किया था. इसके तहत नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था. ये दुनिया का पहला इंटरकॉन्टिनेंटल चीता ट्रांसलोकेशन प्रोजेक्ट था.
2021 में, कोविड महामारी के दौरान, पीएम मोदी के जन्मदिन पर कोरोना वायरस के खिलाफ जंग को आगे बढ़ाने के लिए एक रिकॉर्ड बनाया गया था. इस दिन 2.26 करोड़ कोविड वैक्सीनेशन किए गए थे, जो एक बड़ी उपलब्धि थी.
2020 में जब देश में कोरोना वायरस फैला हुआ था, तब कोई विशेष समारोह आयोजित नहीं हुआ था. बीजेपी ने सेवा सप्ताह चलाकर गरीबों और जरूरतमंदों को राशन बांटा, रक्तदान कैंप लगाए और वैक्सीनेशन अभियान चलाया था. ये लोगों की सेवा को समर्पित एक जन्मदिन था.