&format=webp&quality=medium)
इस समय क्रिकेट के दीवानों के बीच एक नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है और वो है 14 साल के वैभव सूर्यवंशी. वैभव ने महज 14 साल की उम्र में वो कर दिखाया जो बड़े-बड़े खिलाड़ियों के लिए कर पाना भी आसान नहीं है. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच सोमवार शाम को खेले गए मैच में सूर्यवंशी का बल्ला ऐसा चला कि हर कोई उनका दीवाना बन गया. इस मैच में सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर वैभव ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. जानिए वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कौन-कौन से कीर्तिमान को ध्वस्त किया.
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले ये कारनामा राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए युसूफ पठान ने किया था, जिन्होंने 37 गेंद पर शतक लगाया था. हालांकि, वैभव ने युसूफ के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए महज 35 गेंदों में ही ये कीर्तिमान अपने नाम कर लिया. आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में वैभव के आगे अब सिर्फ क्रिस गेल हैं, जिनके नाम 30 गेंदों में शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है.
इसके अलावा वैभव टी20 और आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. टी20 में ये रिकॉर्ड पहले विजय जोल के नाम था, जिन्होंने महाराष्ट्र के लिए 18 साल 118 दिन में शतक जड़ा था. वैभव ने 14 साल 32 दिन की उम्र में ऐसा किया.
इतना ही नहीं, अनकैप्ड बल्लेबाज की ओर से आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी वैभव पहले नंबर पर हैं. उन्होंने प्रियांश आर्य के रिकॉर्ड को तोड़ा है, जिन्होंने इसी सीजन में 39 गेंद पर शतक लगाया था. वैभव ने सबसे तेज 50 बनाने वाले युवा बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है. वैभव ने महज 17 गेंदों पर 50 रन बनाए हैं.
14 साल के वैभव आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए हैं. वैभव सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 101 रनों की पारी में 11 छक्के लगाए. साथ ही वह एक आईपीएल पारी में राजस्थान रॉयल्स की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. पिछले साल, वैभव आईपीएल नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे, जब उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा था.