सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की 'परम सुंदरी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट, इस दिन रिलीज होगी फिल्‍म

सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की मोस्‍ट अवेटेड फिल्म 'परम सुंदरी' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है. ये ट्रेलर एक मजेदार और इमोशनल रोलर-कोस्टर राइड का वादा करता है, जिसमें दिल्ली के एक बिंदास पंजाबी मुंडे (सिद्धार्थ) को केरल की एक सीधी-सादी लड़की (जान्हवी) से प्यार हो जाता है. ट्रेलर में दोनों की शानदार केमिस्ट्री, खूबसूरत लोकेशंस और दो अलग-अलग संस्कृतियों के टकराने से पैदा होने वाले ड्रामा और कॉमेडी की झलक साफ दिखाई देती है.
सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की 'परम सुंदरी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट, इस दिन रिलीज होगी फिल्‍म

बॉलीवुड फैंस के लिए मंगलवार का दिन डबल खुशखबरी लेकर आया. जहां एक तरफ 'जॉली एलएलबी 3' का टीजर सामने आ चुका है, वहीं दूसरी ओर सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की जोड़ी वाली फिल्म 'परम सुंदरी' का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है. ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है और फैंस दोनों की केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं. मैडॉक फिल्म्स द्वारा जारी किया गया ये ट्रेलर एक ऐसी रोमांटिक कहानी की झलक देता है, जो सिर्फ प्यार-मोहब्बत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कल्चरल क्लैश, फैमिली ड्रामा और खूब सारा 'सियापा' भी है.

कैसा है 'परम सुंदरी' का ट्रेलर?

2 मिनट 40 सेकंड का ये ट्रेलर हमें परम और सुंदरी की दुनिया में ले जाता है. परम (सिद्धार्थ मल्होत्रा) दिल्ली का एक चुलबुला पंजाबी लड़का है, जो सुंदरी (जान्हवी कपूर) के प्यार में पागल है. ट्रेलर की शुरुआत केरल के एक खूबसूरत चर्च से होती है, जहां परम अपने प्यार का इजहार करते हुए कहता है, "दुनिया में लगभग 810 करोड़ लोग हैं, लेकिन जिस एक व्यक्ति से प्रेम होता है, वही सच्चा प्रेम कहलाता है."

ट्रेलर में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलती है. जहां सिद्धार्थ अपने पंजाबी स्वैग में जंच रहे हैं, वहीं जान्हवी का दक्षिण भारतीय लुक और सादगी दिल जीत रही है. केरल के खूबसूरत बैकवाटर्स, बारिश से भीगी सड़कें और शांत माहौल कहानी को और भी आकर्षक बना रहे हैं.

नॉर्थ-साउथ का कल्चर क्लैश और खूब सारा ड्रामा

फिल्म की कहानी एक क्रॉस-कल्चरल लव स्टोरी पर आधारित है. जैसा कि ट्रेलर के कैप्शन में लिखा गया है, "दिल्ली का मुंडा परम, सुंदरी के शहर में पंजाबियों का स्वैग और सियापा लेकर आ रहा है!" ट्रेलर में साफ दिखता है कि जब दो अलग-अलग संस्कृति और सोच वाले परिवार मिलते हैं, तो प्यार की इस राह में कॉमेडी और ड्रामा दोनों का जबरदस्त तड़का लगता है. परम को सुंदरी के लिए दक्षिण भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए भी दिखाया गया है, जो कहानी में कई मजेदार पल पैदा करता है.

इस दिन होगी रिलीज

तुषार जलोटा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दिनेश विजन ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में सिद्धार्थ और जान्हवी के अलावा संजय कपूर और 'फुकरे' फेम मंजोत सिंह भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. फिल्म के कुछ गाने जैसे 'परदेसिया' और 'भीगी साड़ी' पहले ही रिलीज होकर चार्टबस्टर बन चुके हैं.

'परम सुंदरी' इस साल 29 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. ट्रेलर को देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि ये फिल्म दर्शकों के लिए एक फुल-ऑन एंटरटेनमेंट पैकेज साबित हो सकती है.

Input- IANS

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6