&format=webp&quality=medium)
दिल्ली-NCR ने पिछले कुछ दिनों में प्रदूषण से जूझते हुए जो राहत भरी सांस ली है, उसके पीछे बड़ी वजह बनीं उत्तर-पश्चिमी तेज हवाएं. हवा की रफ्तार बढ़ते ही स्मॉग की चादर हटी और एक्यूआई खराब श्रेणी से सुधारते हुए ऑरेंज जोन में पहुंच गया. लेकिन यह राहत अस्थायी है, क्योंकि अब बारी है सर्दी और कोहरे की. मौसम विभाग का कहना है कि इन हवाओं से न्यूनतम तापमान भी कम हो गया है और आने वाले हफ्ते में तापमान और घटेगा, साथ ही घना कोहरा सुबह के समय परेशान कर सकता है.
पिछले हफ्ते तक दिल्ली और आसपास के शहरों में सांस लेना तक मुश्किल हो गया था. लेकिन जैसे ही उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज हुईं, हवा की क्वालिटी में सुधार दर्ज किया गया. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में AQI खराब से घटकर ऑरेंज श्रेणी में दर्ज हुआ. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक एक्यूआई 300-400 के स्तर से फिसलकर 200-250 के बीच पहुंच गया है.
आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है. कोहरे की वजह से दृश्यता कम होगी, ट्रैफिक में दिक्कतें बढ़ेंगी. सुबह-सवेरे वाहन चलाते वक्त अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अस्थमा और श्वास रोगियों को ठंडी हवा से बचने की सलाह दी है.
मौसम और पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार बनी रही तो प्रदूषण में और कमी आएगी. लेकिन सर्दी का मौसम आने के साथ ही कोहरा और तापमान में गिरावट लोगों को परेशान कर सकती है.