दिल्ली-NCR गैस चैंबर में बदला, एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' से 'गंभीर' के बीच , AQI 500 के पार जाने को तैयार, हेल्थ पर मंडराया गंभीर संकट

दिल्ली-एनसीआर खतरनाक प्रदूषण की चपेट में है. कई इलाकों में AQI 400–500 के पार पहुंचकर हवा “गैस चैंबर” जैसी हो गई है. सांस की दिक्कत, खांसी और आंखों में जलन के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है,तो जानें किन क्षेत्रों में हालात सबसे गंभीर हैं.
दिल्ली-NCR गैस चैंबर में बदला, एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' से 'गंभीर' के बीच , AQI 500 के पार जाने को तैयार, हेल्थ पर मंडराया गंभीर संकट

दिल्ली–एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. लगातार दिल्ली एनसीआर की एयर क्वालिटी खबर होती जा रही है. अब शनिवार सुबह भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई. हवा में नमी, धीमी हवाएं और लगातार बढ़ते प्रदूषक तत्वों ने मिलकर पूरे क्षेत्र को एक जहरीले आवरण में ढक दिया है. कई इलाकों में रहने वाले लोगों को सुबह से ही सांस लेने में परेशानी, खांसी, सीने में जलन और आंखों में चुभन की शिकायतें होने लगी हैं.

कैसा है एनसीआर का हाल

गाजियाबाद के कई क्षेत्रों जैसे इंदिरापुरम, लोनी और संजय नगर में AQI 400 से ऊपर पहुंच चुका है. वहीं नोएडा में सेक्टर-116, सेक्टर-125 और सेक्टर-62 में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में गंभीर श्रेणी का प्रदूषण दर्ज किया गया. राजधानी दिल्ली के प्रमुख मॉनिटरिंग स्टेशनों—आनंद विहार, बवाना, आश्रम विहार और चांदनी चौक—में AQI 400–441 के बीच दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैय

हेल्थ को पहुंचा रहा है नुकसान

इस स्तर का प्रदूषण आम लोगों के स्वास्थ्य पर तीव्र प्रभाव डालता है. डॉक्टरों के अनुसार “बहुत खराब” श्रेणी की हवा लंबे समय तक रहने पर खांसी, अस्थमा, एलर्जी, ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों में संक्रमण जैसी समस्याओं को बढ़ा सकती है. जबकि “गंभीर” श्रेणी की हवा स्वस्थ लोगों को भी बीमार कर सकती है और दिल, फेफड़े तथा बुजुर्गों और बच्चों पर इसका तुरंत असर पड़ता है. दिल्ली–एनसीआर के अस्पतालों में इन दिनों सांस और दमा से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. कई डॉक्टर लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने और एन-95 मास्क उपयोग करने की सलाह दे रहे हैं.

तापमान गिरने का है अनुमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हवा की रफ्तार धीमी रहेगी, जिससे प्रदूषक तत्व वातावरण में और ज्यादा जमा हो सकते हैं. न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस तक गिरने और अधिकतम तापमान 25-26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. तापमान में गिरावट के साथ-साथ हवा में नमी बढ़ने से स्मॉग और भी घना हो सकता है, विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की गुणवत्ता में बड़े सुधार की उम्मीद तभी है जब हवा की गति बढ़े या बारिश हो.

कैसे रखें खुद को सुरक्षित

गंभीर स्थिति को देखते हुए लोग एयर प्यूरीफायर का उपयोग बढ़ा रहे हैं. स्कूलों में भी प्रदूषण को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। कई जिलों में निर्माण कार्य, सन्यंत्र, जलने वाले कचरे और खुले में धूल फैलने वाले कामों पर सख्ती से रोक लगाई गई है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और जरूरी कदम उठा रहा है.

कुल मिलाकर, दिल्ली–एनसीआर इस समय बेहद खतरनाक वायु प्रदूषण के बीच गुजर रहा है। अगले कुछ दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक हवा की दिशा बदलती नहीं या मौसम में बड़ा बदलाव नहीं आता, तब तक प्रदूषण का संकट बने रह सकता है. ऐसे में सबसे जरूरी है—खुद की सुरक्षा, मास्क का इस्तेमाल, घर में हवा को शुद्ध करने के उपाय और जितना संभव हो सके उतना बाहर जाने से बचना.

Top 5 FAQs

1. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण स्तर इतना ज्यादा क्यों बढ़ रहा है?

धीमी हवा, ठंड की शुरुआत, नमी और प्रदूषक तत्वों के लगातार जमा होने के कारण AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है.

2. किन इलाकों में AQI सबसे ज्यादा दर्ज किया गया?

दिल्ली के आनंद विहार, बवाना, चांदनी चौक, वजीरपुर और नोएडा के सेक्टर-116, सेक्टर-125 जैसे क्षेत्रों में AQI 400–440 के बीच रहा.

3. ‘गंभीर’ श्रेणी का AQI स्वास्थ्य पर क्या असर डालता है?

गंभीर AQI स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित करता है और दमा, सांस की तकलीफ, एलर्जी, सिरदर्द और आंखों में जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं.

4. इस वायु प्रदूषण से बच्चों और बुजुर्गों पर क्या खतरा है?

बच्चों, बुजुर्गों और हृदय-रोग या अस्थमा से पीड़ित लोगों पर गंभीर असर पड़ता है, उनके लिए बाहर का माहौल अत्यधिक जोखिमभरा है.

5. प्रदूषण से बचने के लिए क्या सावधानियां अपनानी चाहिए?

एन-95 मास्क पहनें, बाहर कम निकलें, घर में एयर प्यूरीफायर उपयोग करें, भाप लें, पानी खूब पिएं और सुबह-शाम की गतिविधियों से बचें.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6