&format=webp&quality=medium)
व्हाट्सऐप के गोल्डन वर्जन के फीचर में वीडियो कॉलिंग, फ्री कॉलिंग की सुविधा होने की बात कही जा रही है, जो कि एकदम फर्जी हैं.
मोबाइल के इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप पर पिछले कुछ दिनों से एक ऐसा मैसेज वायरल हो रहा है, जिसे सबसे खतरनाक मैसेज माना जा रहा है. इस मैसेज को लेकर पुलिस भी एजवाइजरी जारी कर चुकी है. गोल्ड के इस मैसेज के जरिए हैकर्स आपके फोन की पूरी डिटेल, फोन लिस्ट यहां तक कि बैंक खाते का पासवर्ड तक एक झटके में साफ कर सकते हैं.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने तो अपने ट्वीट के जरिए इस तरह के फर्जी मैसेज के चक्कर में नहीं पड़ने की सलाह दी है. यूपी पुलिस ने लोगों को सावधान किया है कि अगर व्हाट्सऐप गोल्ड का मैसेज आए तो उसे फौरन ही डिलीट कर दें. मैसेज की जांच न करें और न ही उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करें.
वायरल मैसेज का सच
वायरल हो रहे इस मैसेज में लिखा हुआ है कि अगर आप व्हाट्सऐप डाउनलोड करके अपने फोन में इसे इन्स्टॉल करते हैं तो आप एक बार में 100 लोगों को फोटो भेज सकते हैं. भेजे गए मैसेज को कभी भी डिलीट कर सकते हैं.
यूजर्स को जो मैसेज मिल रहे हैं उनमें लिखा है कि व्हाट्सऐप का गोल्डन वर्जन लीक हो चुका है. गोल्डन वर्जन को केवल कुछ बड़ी हस्तियां ही इस्तेमाल करती हैं, लेकिन अब आप भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
व्हाट्सऐप के गोल्डन वर्जन के फीचर में वीडियो कॉलिंग, फ्री कॉलिंग की सुविधा होने की बात कही जा रही है. साथ ही इसमें कई नए इमोजी स्टिकर भी दिए गए हैं. यह भी कहा जा रहा है कि व्हाट्सऐप गोल्ड फीचर को केवल इंवाइट के जरिए ही इन्स्टॉल किया जा सकता है. इसलिए केवल आपको यह इनवाइट भेजा रहा है. इसमें यह भी लिखा हुआ है कि व्हाट्सऐप गोल्ड को इन्स्टॉल करने के बाद आपका हरा आइकन गोल्ड कलर का हो जाएगा और फिर आप इन सभी फीचर्स को सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे.
लेकिन मोबाइल और ऐप एक्सपर्ट का कहना है कि व्हाट्सऐप गोल्ड केवल हैकर्स की ही कारस्तानी है.
कैसे चलता है गोरखधंधा
व्हाट्सऐप गोल्ड को इन्स्टॉल करने के लिए एक लिंक भेजा जाता है. जैसे ही लिंक को क्लिक किया जाता है. व्हाट्सऐप का कोई नया वर्जन तो डाउनलोड नहीं होता है, बल्कि यह लिंक सीधे एक वेबसाइट पर खुलता है, जिसमें अनगिनत वायरस होते हैं. और आपके फोन में एक खास तरह का सॉफ्टवेयर डाउनलोड हो जाता है. यह सॉफ्टवेयर एक वायरस हो सकता है और यह आपके फोन का पूरा कंट्रोल हैकर्स के हवाले कर सकता है. और आपके फोन में सेव आपकी सारी जानकारियां एक झटके में हैकर्स के हाथों में जा सकती हैं.
मैसेज की शुरूआत मार्टिनेल्ली (Martinelli) नाम के एक वीडिया की चेतावनी से शुरू होती है. इसमें कहा जाता है कि इस आगे फोरवर्ड करके अन्य लोगों तक पहुंचाएं. असल में Martinelli वीडियो जैसा कुछ नहीं है. यह व्हाट्सऐप गोल्ड वायरस भेजने की प्रक्रिया का एक हिस्सा है.
व्हाट्सऐप के केवल दो ही वर्जन
उधर, व्हाट्सऐप का भी कहना है कि उसकी तरफ से व्हाट्सऐप का कोई गोल्डन वर्जन लॉन्च नहीं किया गया है. न ही व्हाट्सऐप प्लस नाम से कोई वर्जन है. व्हाट्सऐप के केवल दो ही वर्जन हैं, जिनमें एक तो आम लोग इस्तेमाल करते हैं और एक बिजनेस वर्जन है. दोनों ही वर्जन एक जैसे ही हैं. बिजनेस अकाउंट में वेरिफिकेशन मिलता है कि वह बिजनेस ऑथेन्टिक है या नहीं. बिजनेस अकाउंट के जरिए कंपनी अपने ग्राहकों से संवाद स्थापित करती है. इसके अलावा और किसी तरह का व्हाट्सऐप वर्जन नहीं है.
व्हाट्सऐप गोल्ड के मैसेज आने पर क्या करें
व्हाट्सऐप गोल्ड वर्जन के मैसेज आपके पास भी आ सकते हैं. ऐसे में इस तरह के मैसेज पर ध्यान नहीं दें. बिना विचार किए कोई भी मैसेज फॉरवर्ड न करें और इस तरह के मैसेज को फौरन डिलीट कर दें. अगर आपने मैसेज के बहकावे में आकर व्हाट्सऐप गोल्ड मैसेज को इन्स्टॉल कर लिया है तो इसे फौरन डिलीट कर दें. फोन के फैकटरी डेटा को रीसेट कर लें. इसे हटाकर कोई अच्छा एंटी वायरस ऐप इन्स्टॉल कर लें और ध्यान रखें कि वह ऐप गूगल प्लेस्टोर से ही डाउनलोड किया जाना चाहिए, अन्य किसी साइट से नहीं.