आज के डिजिटल ज़माने में नौकरी ढूंढना आसान हो गया है, लेकिन साथ ही ऑनलाइन जॉब फ्रॉड का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है. ठग अब नामी कंपनियों के नाम पर फर्जी ऑफर भेजकर लोगों से पैसे वसूल रहे हैं. बता दें कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल ने “ऑनलाइन जॉब फ्रॉड” को एक गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा है ताकि लोग समय रहते सावधान हो सकें.
हाल के महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों से ट्रेनिंग, वीज़ा प्रोसेसिंग या बैकग्राउंड चेक के नाम पर पैसे वसूले गए. कुछ मामलों में तो भारतीय कामगारों को विदेशों में झूठे वादों के जाल में फंसाया गया. इससे साफ है कि अब सतर्क रहना बेहद ज़रूरी हो गया है.
Add Zee Business as a Preferred Source
कैसे पहचानें फर्जी नौकरी के जाल को
- “घर बैठे लाखों कमाएं” जैसे ऑफर से दूर रहें.
- अगर कोई कंपनी बिना इंटरव्यू या योग्यता देखे मोटी कमाई का वादा करे, तो ये ठगी का संकेत है.
- पैसे की मांग हो तो समझिए धोखा है.
- असली कंपनियां कभी ट्रेनिंग, वीज़ा या जॉब कन्फर्मेशन के नाम पर पैसा नहीं मांगतीं.
- अंजान नंबर या ईमेल से आई जानकारी पर भरोसा न करें.
- कोई भी आपकी बैंकिंग या पर्सनल जानकारी मांगे तो तुरंत मना कर दें.
नकली वेबसाइटों की ऐसे करें पहचान
ठग किसी भी ऑफिशियल वेबसाइट में मामूली सा फर्क रखते हैं, जो देखने में एकदम ऑरिजिनल लगता है. जैसे लॉजिस्टिक्स कंपनी फेडएक्स की वेबसाइट fedex.com है, लेकिन धोखेबाज़ fedx.com, fed-ex.com जैसे एड्रेस का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा गलतियों भरे ईमेल या ज्यादा एक्सक्लेमेशन मार्क्स (!) भी खतरे का संकेत हैं. आपको इन बारीकियों पर ध्यान देना होगा.
फर्जी जॉब ऑफर से बचने के आसान तरीके: रुको, सोचो, एक्शन लो!
- किसी भी अनजान स्रोत से आए जॉब ऑफर को बिना जांचे स्वीकार न करें.
- याद रखें कोई असली कंपनी नौकरी देने के लिए पैसे नहीं मांगती.
- जॉब से जुड़ी जानकारी हमेशा कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट या सोशल मीडिया पेज से ही जांचें.
- ईमेल एड्रेस में छोटी-सी स्पेलिंग मिस्टेक भी धोखे की निशानी हो सकती है.
- कभी भी अपनी पर्सनल या फाइनेंशियल जानकारी किसी अंजान व्यक्ति या वेबसाइट को न दें.
- विदेश की नौकरी का ऑफर मिलने पर पहले भारतीय दूतावास या मान्यता प्राप्त एजेंट से उसकी पुष्टि करें.
यहां करें शिकायत
अगर आपके पास ऐसा कोई कॉल या मैसेज आता है या आपको इस पर संदेह है तो आप मामले की शिकायत कर सकते हैं.
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
- वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in
- सुरक्षा अपडेट्स के लिए फॉलो करें: @CyberDost