Storage को लेकर सबसे बड़ी टेंशन दूर! Airtel-Google ने 6 महीने फ्री 100GB गूगल वन प्लान किया पेश

Airtel-Google Offers: फोन में स्टोरेज को लेकर बड़ी समस्या रहती है. स्टोरेज बनाने के लिए हमें फोटो-वीडियो डिलीट करनी पड़ती है या फिर महंगे प्लांस लेने पड़ते हैं. कंपनी की नई सर्विस इसी परेशानी को दूर करने के लिए लाई गई है.
Storage को लेकर सबसे बड़ी टेंशन दूर! Airtel-Google ने 6 महीने फ्री 100GB गूगल वन प्लान किया पेश

देश की जानी-मानी टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल और गूगल (Airtel-Google Partnership) ने मिलकर एक बड़ी घोषणा की है. अब एयरटेल के ग्राहकों को गूगल वन क्लाउड स्टोरेज की सुविधा मिलेगी. यह उन लोगों के लिए बहुत काम की चीज़ है जिनके फोन में स्टोरेज जल्दी भर जाता है. एयरटेल के सभी पोस्टपेड और घर के वाई-फाई ग्राहक इस ऑफर के तहत छह महीने तक 100 जीबी का गूगल वन क्लाउड स्टोरेज बिना किसी अतिरिक्त पैसे दिए इस्तेमाल कर सकेंगे. खास बात यह है कि आप यह स्टोरेज अपने परिवार के पांच और लोगों के साथ भी बांट सकते हैं.

स्टोरेज की टेंशन होगी खत्म

अक्सर फोन में जगह कम होने पर हमें फोटो-वीडियो डिलीट करने पड़ते हैं या महंगा मेमोरी कार्ड खरीदना पड़ता है. एयरटेल और गूगल की यह नई सुविधा इसी परेशानी को दूर करने के लिए लाई गई है. इससे ग्राहक अपने फोटो, वीडियो, जरूरी कागज और दूसरी डिजिटल चीजें आसानी से स्टोर कर पाएंगे. इसके अलावा, एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल करने वाले लोग अपनी व्हाट्सएप चैट का बैकअप भी गूगल अकाउंट स्टोरेज में सुरक्षित रख सकेंगे, जिससे नया फोन लेने पर सब कुछ आसानी से वापस मिल जाएगा. यह क्लाउड स्टोरेज सुविधा एंड्रॉयड और आईओएस (आईफोन) दोनों तरह के फोन पर मिलेगी, जिससे एयरटेल के सभी ग्राहकों को इसका फायदा होगा.

Add Zee Business as a Preferred Source

ग्राहकों को मिलेगा बेहतर एक्सपीरियंस

भारती एयरटेल के डायरेक्टर (मार्केटिंग) और सीईओ (कनेक्टेड होम्स), सिद्धार्थ शर्मा ने कहा, "आज स्मार्टफोन सिर्फ बात करने का जरिया नहीं, बल्कि हमारी पर्सनल और प्रोफेशनल ज़िंदगी को आसान बनाने का तरीका बन गया है. ऐसे में स्टोरेज की कमी एक बड़ी चुनौती है. हमें खुशी है कि गूगल के साथ मिलकर हम अपने ग्राहकों को एक सुरक्षित, भरोसेमंद और आसान क्लाउड स्टोरेज दे रहे हैं. इससे हमारे लाखों पोस्टपेड और होम वाई-फाई ग्राहकों को 100 जीबी अतिरिक्त स्टोरेज मिलेगा."

गूगल एशिया-पैसिफिक की वाइस प्रेसिडेंट (प्लेटफॉर्म्स एंड डिवाइसेज पार्टनरशिप्स), करेन टियो ने कहा, "हम भारत में लाखों यूजर्स तक गूगल वन पहुंचाने के लिए एयरटेल के साथ साझेदारी करके बहुत उत्साहित हैं. इसका मकसद लोगों को उनके मोबाइल में मौजूद फोटो, वीडियो और ज़रूरी फाइलों का सुरक्षित बैकअप लेने में मदद करना है, ताकि वे गूगल फोटोज, ड्राइव, जीमेल और दूसरी सेवाओं में ज़्यादा स्टोरेज का फायदा उठा सकें."

कैसे मिलेगा फायदा और कितना होगा खर्च?

शुरुआत में, यह 100 जीबी क्लाउड स्टोरेज सेवा एक्टिवेट करने की तारीख से छह महीने तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मिलेगी. इस दौरान ग्राहक अपना डेटा सुरक्षित रूप से बैकअप कर सकते हैं और क्लाउड स्टोरेज का आसानी से अनुभव कर सकते हैं. इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को एयरटेल थैंक्स ऐप में लॉग इन करके इस ऑफर को क्लेम करना होगा और एक्टिवेट करना होगा. छह महीने की फ्री अवधि के बाद, हर महीने सिर्फ ₹125 का छोटा सा चार्ज ग्राहकों के बिल में जुड़ जाएगा. अगर कोई ग्राहक यह सेवा जारी नहीं रखना चाहता, तो वह अपनी गूगल वन सदस्यता बंद कर सकता है.

गूगल वन स्टोरेज की खास बातें

  • गूगल फोटोज, ड्राइव और Gmail में इस्तेमाल के लिए 100 GB क्लाउड स्टोरेज
  • नया फोन लेने या फोन खराब होने पर फोटो, फाइलों और व्हाट्सएप चैट का सुरक्षित बैकअप
  • परिवार के 5और लोगों के साथ स्टोरेज शेयर करने की सुविधा, बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के