&format=webp&quality=medium)
बकरीद पर किस दिन बंद रहेगा शेयर बाजार? प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)
मई 2026 के आखिरी दिनों में शेयर बाजार से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है. घरेलू शेयर बाजार NSE और BSE अगले कुछ दिनों में कुल तीन दिन बंद रहने वाले हैं.
वीकेंड की छुट्टियों के अलावा 28 मई 2026, गुरुवार को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद के अवसर पर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी. इसी बीच NSE ने साल 2026 का पूरा हॉलिडे कैलेंडर भी जारी कर दिया है, जिसमें कुल 16 ट्रेडिंग हॉलिडे शामिल हैं.
मई 2026 के बाकी दिनों में निवेशकों को तीन दिन बाजार बंद मिलने वाला है. इसमें शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टियां शामिल हैं. इसके अलावा 28 मई 2026 को बकरीद के कारण NSE और BSE दोनों में कारोबार बंद रहेगा. NSE के कैलेंडर के मुताबिक 2026 में कुल 16 आधिकारिक मार्केट हॉलिडे तय किए गए हैं. वहीं चार छुट्टियां ऐसी हैं जो शनिवार या रविवार को पड़ रही हैं.
ये भी पढ़ें: 40% से ज्यादा कमाई का मौका! सोमवार को मिलेगी शेयर में एंट्री, 9 स्टॉक का रिपोर्ट कार्ड जारी
2026 के लिए जारी किए गए NSE हॉलिडे कैलेंडर में रिपब्लिक डे, होली, राम नवमी, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, अंबेडकर जयंती, महाराष्ट्र डे, बकरीद, मुहर्रम, गणेश चतुर्थी, गांधी जयंती, दशहरा, दिवाली, गुरु नानक जयंती और क्रिसमस जैसी छुट्टियां शामिल हैं. 28 मई 2026 को बकरीद के मौके पर बाजार बंद रहेगा. इसके अलावा 26 जून को मुहर्रम और 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण भी ट्रेडिंग नहीं होगी.
NSE के अनुसार 2026 में चार बड़े त्योहार वीकेंड पर पड़ रहे हैं. इनमें महाशिवरात्रि, रमजान ईद, स्वतंत्रता दिवस और दिवाली लक्ष्मी पूजन शामिल हैं. हालांकि 8 नवंबर 2026 को दिवाली लक्ष्मी पूजन रविवार को होने के बावजूद उस दिन मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित की जाएगी. इसके समय की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी.
सोमवार 25 मई को शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई. शुरुआती कारोबार में BSE SENSEX करीब 909 अंक उछलकर 76,317.85 पर पहुंच गया. वहीं NSE NIFTY50 भी 262.65 अंक चढ़कर 23,977.70 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा.
बाजार में तेजी की बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज गिरावट और ग्लोबल मार्केट्स में मजबूती को माना गया. अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों ने निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत किया.
ये भी पढ़ें: क्या SIP बना रुपये की कमजोरी की वजह? विदेशी निवेशकों की बिकवाली पर Jefferies की बड़ी रिपोर्ट
शुरुआती कारोबार में Mahindra & Mahindra, HDFC Bank, Bajaj Finance, Bajaj Finserv, Larsen & Toubro और InterGlobe Aviation जैसे शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. वहीं Tata Consultancy Services और Sun Pharma कमजोर शेयरों में शामिल रहे.
ब्रेंट क्रूड की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब 5.58 प्रतिशत टूटकर 97.76 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आने से बाजार को राहत मिली है. हालांकि निवेशक अभी अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर और स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं.
एशियाई बाजारों में जापान का Nikkei 225 और चीन का Shanghai SSE Composite इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे. वहीं दक्षिण कोरिया और हांगकांग के बाजार छुट्टी के कारण बंद रहे. अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को सकारात्मक बढ़त के साथ बंद हुए थे.
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने 22 मई को जारी प्रेस रिलीज में कहा कि दिल्ली और नई दिल्ली स्थित सभी केंद्रीय सरकारी प्रशासनिक कार्यालय 28 मई 2026 को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद के अवसर पर बंद रहेंगे. यह छुट्टी पहले 27 मई के लिए तय थी, जिसे बदलकर 28 मई किया गया है.