Bond Tax Explained: आखिर क्या होता है बॉन्ड टैक्स? इसे ही घटाने पर हो रहा है विचार, जानिए इसके फायदे-नुकसान

भारत सरकार विदेशी निवेशकों पर बॉन्ड निवेश से होने वाली कमाई पर लगने वाला टैक्स घटाने पर विचार कर सकती है. अब सवाल ये है कि आखिर बॉन्ड टैक्स होता क्या है, विदेशी निवेशकों को इससे फर्क कैसे पड़ता है और टैक्स घटाने से रुपया, बॉन्ड मार्केट और आम आदमी पर क्या असर पड़ सकता है?
Bond Tax Explained: आखिर क्या होता है बॉन्ड टैक्स? इसे ही घटाने पर हो रहा है विचार, जानिए इसके फायदे-नुकसान

रुपया रिकॉर्ड लो के करीब पहुंचा, विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे हैं और अब सरकार बॉन्ड टैक्स घटाने पर विचार कर रही है. प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है. भारत सरकार विदेशी निवेशकों के लिए बॉन्ड निवेश (Bond Investment) पर लगने वाले टैक्स को कम करने पर विचार कर रही है. यह प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से दिया गया बताया जा रहा है, ताकि गिरते हुए रुपये को संभाला जा सके. इस कदम से एक तो विदेशी निवेशक भारत से अपना निवेश निकालना कम करेंगे और दूसरी ओर नए निवेशक भी आएंगे. यानी विदेशी मुद्रा का भारत से बाहर जाना कम होगा और साथ ही उसका बाहर से देश में आने बढ़ने के भी चांस हैं.

ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल और विदेशी निवेशकों (FIIs) की तरफ से भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसे निकालने की वजह से रुपया ऐतिहासिक गिरावट के साथ 95.96 के स्तर तक पहुंच गया था. ऐसे में बॉन्ड टैक्स में कटौती का यह कदम विदेशी निवेशकों को लुभाने के लिए एक 'मास्टरस्ट्रोक' साबित हो सकता है.

क्या होता है बॉन्ड टैक्स (Bond Tax)?

जब कोई विदेशी निवेशक (जैसे कोई विदेशी बैंक या फंड हाउस) भारत सरकार या किसी भारतीय कंपनी के बॉन्ड खरीदता है, तो उसे उस निवेश पर नियमित रूप से ब्याज मिलता है. इस ब्याज को 'कूपन पेमेंट' (Coupon Payment) कहा जाता है.

भारत सरकार इस ब्याज आय पर टैक्स वसूलती है, जिसे 'विथहोल्डिंग टैक्स' (Withholding Tax) कहा जाता है. विदेशी निवेशकों के लिए निवेश का फैसला लेते समय यह टैक्स एक बहुत महत्वपूर्ण कारक होता है.

टैक्स का गणित: पहले क्या था और अब क्या हो सकता है?

2023 से पहले: विदेशी निवेशकों को इस ब्याज आय पर केवल 5% टैक्स देना पड़ता था.

वर्तमान स्थिति: 2023 में सरकार ने यह रियायत खत्म कर दी, जिसके बाद अब उन्हें लगभग 20% टैक्स देना पड़ता है.

प्रस्तावित बदलाव: अब इसी 20% टैक्स को घटाकर फिर से कम करने की बात हो रही है ताकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नीतियां बनाई जा सकें.

उदाहरण से समझें: टैक्स घटने का असर

मान लीजिए एक विदेशी निवेशक ने भारत के सरकारी बॉन्ड में 10 लाख रुपये का निवेश किया. उदाहरण के लिए मान लेते हैं कि उसे बॉन्ड पर सालाना 10 फीसदी का ब्याज मिल रहा है. ऐसे में साल भर में उसे ₹1,00,000 का ब्याज (Interest) मिलेगा. अब समझिए टैक्स का कैलकुलेशन कैसे होगा.

विवरणवर्तमान टैक्स (20%)प्रस्तावित/पुराना टैक्स (5%)
कुल ब्याज आय₹1,00,000₹1,00,000
सरकार को दिया टैक्स₹20,000₹5,000
निवेशक के पास बचा शुद्ध मुनाफा₹80,000₹95,000

इस टेबल से ये साफ होता है कि अभी विदेशी निवेशकों को अपने निवेश पर करीब 8 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है. वहीं अगर टैक्स छूट मिल जाती है तो इससे यही रिटर्न बढ़कर 9.5 फीसदी हो जाएगा.

रुपये से डॉलर का कन्वर्जन भी समझें

जब भी बात विदेशी निवेशकों के रिटर्न की होती है तो उसमें रुपये से डॉलर का कन्वर्जन रेट भी देखना अहम होता है. मान लीजिए किसी विदेशी निवेशक ने भारत में 10 लाख रुपये निवेश किए. अगर डॉलर की कीमत अभी 95 रुपये मानें तो इस हिसाब से उसने 10,526 डॉलर का निवेश किया.

20% टैक्स और 100 रुपये प्रति डॉलर: साल भर में उसे अपने 10 लाख रुपये के निवेश पर 1 लाख रुपये का फायदा (मान लेते हैं कि 10% का ब्याज मिला) हुआ. अगर इस पर 20 फीसदी टैक्स कटता है तो ब्याज बचा 80 हजार रुपये. देखने में तो ये 8 फीसदी रिटर्न लग रहा है, लेकिन अगर साल भर में रुपया कमजोर होकर 100 रुपये प्रति डॉलर हो जाता है तो उसका 10 लाख रुपये का जो निवेश 10.80 लाख रुपये हो गया है, वह असल में 10,800 डॉलर होगा. इस तरह साल भर में उसे महज 274 डॉलर का फायदा हुआ, जो आता है करीब 2.6 फीसदी का रिटर्न.

5% टैक्स और 90 रुपये प्रति डॉलर: अब अगर 1 लाख रुपये के ब्याज पर सिर्फ 5 फीसदी टैक्स लगता है तो व्यक्ति का भारत में रिटर्न होगा करीब 9.5 फीसदी. इस तरह उसके 10 लाख रुपये 10.95 लाख रुपये बन जाएंगे. अब अगर रुपया कमजोर ना हुआ और उल्टा मजबूत होकर 90 रुपये प्रति डॉलर हो गया तो कन्वर्जन के बाद 10.95 लाख रुपये 12,166 डॉलर बन जाते हैं. निवेश किया था 10,526 डॉलर जो अब हो गए 12,166 डॉलर. यानी 1640 डॉलर का रिटर्न. इस तरह रिटर्न हो जाता है करीब 13.5 फीसदी.

इस कदम की जरूरत क्यों पड़ी?

रुपये को सहारा: 2026 में रुपया एशिया में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसी रहा है (6% से ज्यादा की गिरावट). बॉन्ड में निवेश आने से डॉलर की आवक बढ़ेगी और रुपया मजबूत होगा.

तेल का बिल: कच्चा तेल करीब $105 प्रति बैरल तक पहुंच गया है. चूंकि भारत अपनी जरूरत का 85-90% तेल आयात करता है, इसलिए भारी विदेशी मुद्रा (Forex) की जरूरत है.

शेयर बाजार से निकासी: विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से तेजी से पैसे निकाल रहे हैं. इस कमी को बॉन्ड मार्केट के जरिए पूरा करने की कोशिश की जा रही है.

बॉन्ड मार्केट बनेगा आकर्षक: भारत में टैक्स स्ट्रक्चर इंडोनेशिया, मलेशिया, मेक्सिको और साउथ अफ्रीका जैसे देशों के मुकाबले ज्यादा है. ऐसे में अगर टैक्स में राहत दी जाती है, तो भारत का बॉन्ड मार्केट विदेशी निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक बन सकता है. फिलहाल भारत के करीब 1.3 ट्रिलियन डॉलर के बॉन्ड मार्केट में FPIs की हिस्सेदारी सिर्फ 3% है.

क्या हैं फायदे नुकसान?

फायदा: डॉलर भारत आएगा, जिससे रुपये को मजबूती मिलेगी. साथ ही फॉरेन रिजर्व बढ़ेगा.

नुकसान: कम टैक्स लगाया जाएगा तो सरकार के खाते में पहुंचने वाला पैसा कम हो जाएगा. यानी सरकार को रेवेन्यू का नुकसान होगा.

Conclusion

टैक्स कम होने से विदेशी निवेशकों को भारत में निवेश करने पर ₹15,000 अधिक मुनाफा होगा. यही कारण है कि टैक्स घटते ही भारत का बॉन्ड मार्केट विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक हो जाएगा.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

आर्टिकल से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल (FAQs)

Q1 Bond Tax क्या होता है?

बॉन्ड से मिलने वाले ब्याज पर लगाया जाने वाला टैक्स Bond Tax कहलाता है.

Q2 यह टैक्स कौन देता है?

भारत के बॉन्ड खरीदने वाले विदेशी निवेशक यह टैक्स देते हैं.

Q3 अभी टैक्स कितना है?

अभी विदेशी निवेशकों के लिए यह करीब 20% है.

Q4 पहले टैक्स कितना था?

पहले विदेशी निवेशकों पर 5% टैक्स लगता था, 2023 में इसे बढ़ाकर 20% कर दिया गया.

Q5 सरकार टैक्स क्यों घटाना चाहती है?

ताकि विदेशी निवेश बढ़े, डॉलर आएं और रुपये पर दबाव कम हो सके.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6