&format=webp&quality=medium)
सोमवार को शेयर बाजार में वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. शुक्रवार, 25 अप्रैल को नोकिया सॉल्यूशंस एंड नेटवर्क्स इंडिया ने वोडाफोन आइडिया में अपनी लगभग 1 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है. यह डील ओपन मार्केट में करीब 786 करोड़ रुपये में पूरी हुई, जिसमें 7.65 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर लगभग 102.7 करोड़ शेयर बेचे गए. यह बिक्री कंपनी की कुल इक्विटी का 0.95 प्रतिशत हिस्सा है.
ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म गोल्डमैन सैक्स ने भी इस मौके का फायदा उठाया और लगभग 59.86 करोड़ रुपये में वोडाफोन आइडिया के 0.55 प्रतिशत शेयर खरीद लिए. गोल्डमैन सैक्स ने भी 7.65 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर सौदा किया. हालांकि, अन्य खरीदारों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. इस सौदे के बाद सोमवार को बाजार में वोडाफोन आइडिया के शेयर निवेशकों के फोकस में रहेंगे.
हालांकि, वोडाफोन आइडिया की वित्तीय स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. कंपनी का कर्ज लगातार बढ़ रहा है. वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही तक कंपनी का कुल कर्ज 7 प्रतिशत बढ़कर 2.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल दिसंबर तिमाही में 2.03 लाख करोड़ रुपये था. इस कुल कर्ज में से 2.14 लाख करोड़ रुपये सरकार को देय हैं, जबकि 2,300 करोड़ रुपये का कर्ज बैंकों और वित्तीय संस्थानों से लिया गया है. कंपनी ने पिछले दो वर्षों में बैंकों और वित्तीय संस्थानों से लिए गए कर्ज में से 10,700 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया है.
शुक्रवार को वोडाफोन आइडिया के शेयर 5.93 प्रतिशत गिरकर 7.46 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे. लेकिन नोकिया और गोल्डमैन सैक्स से जुड़े सौदों के बाद, सोमवार को इसके शेयरों में तेज गतिविधि देखने को मिल सकती है. पिछले एक महीने में वोडाफोन आइडिया के शेयरों ने लगभग 6 प्रतिशत का उछाल दिखाया है, हालांकि छह महीनों में निवेशकों को 9.5 प्रतिशत का नुकसान झेलना पड़ा है. एक साल की अवधि में इसके शेयरों में 46 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि पिछले पांच सालों में इसने कुल 85 प्रतिशत रिटर्न दिया है. अब देखना होगा कि सोमवार को बाजार में निवेशक इस खबर पर किस तरह की प्रतिक्रिया देते हैं.