&format=webp&quality=medium)
Vodafone Idea Shares: टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea के निवेशकों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा साबित हुआ. कंपनी का शेयर आज 8.42% उछलकर ₹8.50 पर पहुंच गया और पिछले 7 महीनों की ऊंचाई पर बंद हुआ. तेजी की यह वजह सुप्रीम कोर्ट में चल रहे एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) केस से जुड़ी है.
सुप्रीम कोर्ट में वोडाफोन आइडिया की AGR मामले पर दायर याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी थी. हालांकि, सुनवाई अब अगले शुक्रवार तक टल गई है. खास बात यह रही कि सरकार की ओर से कोर्ट में विरोध दर्ज नहीं किया गया और डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (DoT) ने मामले पर समाधान निकालने की बात कही. यही संकेत बाजार के लिए सकारात्मक रहे और निवेशकों में उम्मीद जगी कि कंपनी को इस लंबे समय से चले आ रहे विवाद में कुछ राहत मिल सकती है.
वोडाफोन आइडिया ने 8 सितंबर 2025 को ₹9,450 करोड़ की अतिरिक्त AGR डिमांड के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. सुप्रीम कोर्ट पहले ही FY17 तक की AGR लायबिलिटी को सील कर चुका है और पिछली देनदारी में किसी भी तरह का बदलाव करने से मना किया था. DoT का कहना था कि यह कोई नया कैलकुलेशन नहीं है, लेकिन कंपनी का मानना है कि यह डिमांड अनुचित है. अब DoT खुद कोर्ट से समाधान निकालने की बात कर रहा है, जिससे बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट बढ़ा है.
AGR मामले में सुप्रीम कोर्ट ने साल 2019 में अंतिम निर्णय दिया था. उसके बाद से वोडाफोन आइडिया ने कुल चार बार याचिका दायर की हैं, अगस्त 2021, सितंबर 2024, और मई 2025 में. लेकिन पहली तीन बार याचिकाएं खारिज कर दी गईं.
पहली तीनों बार कंपनी को कोर्ट से राहत नहीं मिली, लेकिन इस बार सरकार के रुख से उम्मीद की किरण दिख रही है. अगर DoT समाधान लेकर आता है, तो वोडाफोन आइडिया के लिए यह बड़ा पॉजिटिव होगा.
वोडाफोन आइडिया के शेयर लंबे समय से दबाव में हैं और कंपनी की वित्तीय स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. लेकिन AGR विवाद में सकारात्मक हल निकलने की संभावना से स्टॉक में शॉर्ट-टर्म तेजी देखी जा सकती है. हालांकि, कंपनी पर कर्ज का बोझ और प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं. इसलिए निवेशकों को यह देखना होगा कि कोर्ट से अंतिम निर्णय किस दिशा में जाता है.