&format=webp&quality=medium)
Vedanta Dividend 2025: शेयर बाजार में गिरावट के बीच माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी Vedanta Ltd ने अपने निवेशकों को खुशखबरी दे दी है. वेदांता लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बुधवार, 18 जून 2025 को हुई बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने ₹1 के फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर ₹7 प्रति शेयर का डिविडेंड देने की मंजूरी दी है. इस डिविडेंड की कुल राशि लगभग ₹2,737 करोड़ होगी.
कंपनी ने पहले ही सूचित किया था कि डिविडेंड के भुगतान के लिए रिकॉर्ड डेट मंगलवार, 24 जून 2025 तय की गई है. यानी जिन शेयरधारकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में 24 जून तक दर्ज होंगे, उन्हें इस अंतरिम लाभांश का लाभ मिलेगा. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि डिविडेंड का भुगतान नियमानुसार तय समय सीमा में कर दिया जाएगा.
यह डिविडेंड निवेशकों के लिए एक पॉजिटिव संकेत है और कंपनी की कैश फ्लो स्थिति को भी दिखाता है. वैसे भी, वेदांता अपने निवेशकों के बीच आकर्षक डिविडेंड पॉलिसी के लिए जानी जाती रही है.
अनिल सिंघवी ने शेयर में सुबह खरीदारी की राय दी थी. उन्होंने कहा था कि Vedanta Futures में निवेशक अभी खरीदारी करके चल सकते हैं. 447 का स्टॉपलॉस लगाने की राय थी और निवेशकों के लिए टारगेट प्राइस 460, 464, 468 रुपये का दिया था. उन्होंने कहा था कि अंतरिम डिविडेंड पर बोर्ड का फैसला तो ट्रिगर है ही, Hindustan Zinc में हिस्सा बिक्री से भी कैश फ्लो बढ़ेगा. आज वेदांता ने अपनी सब्सिडियरी मेटल कंपनी Hindustan Zinc में ब्लॉक डील की है.