&format=webp&quality=medium)
Tata Elxsi Q4 Results, Dividend: BSE 200 में शामिल टाटा ग्रुप की कंपनी Tata Elxsi ने बाजार बंद होने के बाद कमजोर नतीजे जारी किए हैं. कंपनी को मुनाफे और आय के मोर्चे पर धक्का लगा है. हालांकि, इसके बावजूद कंपनी ने अपने निवेशकों को 750 फीसदी के डिविडेंड की सौगात दी है. 31 मार्च 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. इसके अलावा रेवेन्यू में भी 3.3 फीसदी की गिरावट आई है. गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ है.
Tata Elxsi की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक कंपनी ने 10 रुपए प्रति शेयर फेसवैल्यू वाले शेयर पर 75 रुपए प्रति इक्विटी शेयर (750%) के डिविडेंड का ऐलान किया है. इसके लिए सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी. AGM में मंजूरी मिने के एक हफ्ते बाद डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा. Q4 में Tata Elxsi का नेट प्रॉफिट 172.4 करोड़ रुपए रहा है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 199 करोड़ रुपए था. कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 939 करोड़ रुपए से घटकर 908 करोड़ रुपए हो गया है.
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक Tata Elxsi के कामकाजी मुनाफे में भी 16 फीसदी की गिरावट दर्ज की है. मार्च तिमाही में कंपनी का कामकाजी मुनाफा 246.6 करोड़ रुपए से गिरकर 207.7 करोड़ रुपए हो गया है. वहीं, मार्जिन भी 26.3 फीसदी से गिरकर 22.8 फीसदी हो गया है. वहीं, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 792.23 करोड़ रुपए से घटकर 784.93 करोड़ रुपए हो गया है.
गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान Tata Elxsi का शेयर 0.62% या 30.75 अंकों की गिरावट के साथ 4899.75 रुपए पर बंद हुआ है. NSE पर 0.69 % या 34 अंक टूटकर 4,895 रुपए पर बंद हुआ. कंपनी का 52 वीक हाई 9,080 रुपए और 52 वीक लो 4,700 रुपए है. इस साल अब तक कंपनी के शेयर में 27.41% की गिरावट दर्ज हो चुकी है. पिछले छह महीने में कंपनी का शेयर 33.54% और पिछले एक साल में 34.68% तक टूट चुका है. Tata Elxsi का मार्केट कैप 30.51 हजार करोड़ रुपए है.