&format=webp&quality=medium)
Stocks to Sell: ईरान पर इजरायल की ओर से बड़े हमले से वैश्विक स्तर पर भूराजनीतिक तनाव बढ़ गया है और कच्चे तेल की कीमतों में आई उछाल ने घरेलू शेयर बाजार पर दबाव बढ़ा दिया है. ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिसके चलते आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें दो महीने की ऊंचाई पर पहुंच गई हैं. ब्रेंट क्रूड लगभग 13% की तेजी के साथ 75 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है. इसका सीधा असर उन सेक्टरों पर देखने को मिल रहा है जो तेल की कीमतों के प्रति संवेदनशील होते हैं, जैसे कि पोर्ट्स, एविएशन और रिफाइनिंग. इस घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए, मार्केट गुरु अनिल सिंघवी ने कुछ चुनिंदा स्टॉक्स में ट्रेडिंग रणनीति सुझाई है.
उन्होंने Adani Ports के फ्यूचर्स में बिकवाली की राय दी है, जिसका स्टॉपलॉस ₹1465 रखा गया है और लक्ष्य ₹1420, ₹1400 और ₹1390 तय किया गया है. उनका मानना है कि ईरान-इज़राइल तनाव के चलते वैश्विक व्यापार प्रभावित हो सकता है, जिसका सीधा असर पोर्ट ऑपरेटर कंपनियों पर पड़ेगा.
इसी तरह, उन्होंने एविएशन सेक्टर पर भी निगेटिव राय दी है. Indigo के फ्यूचर्स में बिकवाली की सलाह देते हुए उन्होंने ₹5525 का स्टॉपलॉस और ₹5400, ₹5345 व ₹5300 के लक्ष्य दिए हैं. कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी एविएशन कंपनियों के ईंधन लागत को बढ़ाएगी, जिससे उनके मार्जिन पर दबाव आएगा.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर भी सिंघवी का नजरिया निगेटिव है. उन्होंने HPCL के फ्यूचर्स में भी शॉर्ट करने की सलाह दी है. स्टॉपलॉस ₹399 के साथ ₹385, ₹380, ₹377 और ₹373 के टारगेट हैं. उनके अनुसार, 75 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर क्रूड की कीमत सरकारी रिफाइनिंग कंपनियों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है, क्योंकि इससे उनके मार्जिन घट सकते हैं.
इसी तरह क्रूड का असर पेंट कंपनियों पर भी पड़ता है. ऐसे में एशियन पेंट्स के शेयर में भी बिकवाली की राय है. इसमें 2275 पर लगाएं स्टॉपलॉस और 2200, 2188, 2172 के टारगेट के लिए शॉर्ट करें.