&format=webp&quality=medium)
Stocks to BUY: आज के ट्रेडिंग सेशन में मार्केट गुरु अनिल सिंघवी ने दो मजबूत शेयरों पर दांव लगाने की सलाह दी है- भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और वेदांता लिमिटेड (Vedanta). दोनों ही स्टॉक्स के लिए हालिया नतीजों और सेक्टर की मजबूती को देखते हुए आगे और तेजी की उम्मीद जताई जा रही है. आइए समझते हैं, इनके ट्रिगर्स और टारगेट्स क्या हैं.
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने अपने सितंबर तिमाही के शानदार नतीजों के बाद निवेशकों का ध्यान खींचा है. शुक्रवार को नतीजों के बाद शेयर करीब 4% चढ़ा था, लेकिन अनिल सिंहवी का मानना है कि इसमें अभी भी और अपसाइड बाकी है. उन्होंने BEL Futures में खरीदारी की सलाह दी है, स्टॉपलॉस 420 रुपये और लक्ष्य 433, 438 और 445 रुपये तय किए हैं.
कंपनी ने Q2 FY26 में राजस्व 5792.1 करोड़ रुपये दर्ज किया, जो पिछले साल के 4604.9 करोड़ रुपये के मुकाबले 25.8% की बढ़त दर्शाता है. EBITDA 1702.2 करोड़ रुपये रहा, जो साल दर साल 21.6% ज्यादा है. हालांकि मार्जिन 30.4% से घटकर 29.4% पर आया, लेकिन कुल मिलाकर प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा.
कंपनी का PAT 1287.8 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 1092.5 करोड़ रुपये से 17.9% की बढ़त दिखाता है. कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत है और डिफेंस सेगमेंट में उत्कृष्ट एक्सिक्यूशन इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है. यही वजह है कि BEL को डिफेंस सेक्टर की बेहतरीन कंपनी माना जा रहा है.
वेदांता लिमिटेड को लेकर भी अनिल सिंघवी बुलिश हैं. उन्होंने Vedanta Futures में खरीदारी की सलाह दी है, स्टॉपलॉस 490 रुपये और लक्ष्य 503 व 509 रुपये तय किए हैं. मेटल्स सेक्टर इस समय मजबूत अपट्रेंड में है और वेदांता को लेकर कई ब्रोकरेज हाउस ने अपग्रेड भी किया है.
कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे भी उम्मीद से बेहतर रहे. राजस्व 39,868 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 37,634 करोड़ रुपये से 5.9% की बढ़त दिखाता है. EBITDA 11,397 करोड़ रुपये रहा, जो 16% की बढ़त है, जबकि EBITDA मार्जिन 28.6% तक बढ़ा है. हालांकि नेट प्रॉफिट 1798 करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले साल से 58.7% कम है, लेकिन इसमें 2067 करोड़ रुपये के एक्सेप्शनल लॉस का प्रभाव भी शामिल है.
कंपनी ने बताया कि यह उसका अब तक का सबसे ऊंचा दूसरा तिमाही राजस्व और EBITDA है. साथ ही BALCO स्मेल्टर और लांजीगढ़ ट्रेन-II से पहला उत्पादन शुरू हो चुका है. कंपनी ने H1 में $0.9 बिलियन का कैपेक्स किया है और मर्चेंट पावर क्षमता में 1.3 गीगावॉट का इज़ाफा किया है. इन मजबूत ऑपरेशनल संकेतों के चलते शेयर में और तेजी की उम्मीद है.
कुल मिलाकर, BEL और Vedanta दोनों में मजबूत फंडामेंटल्स, सेक्टर सपोर्ट और हालिया नतीजों की चमक से शॉर्ट टर्म में ट्रेडिंग अपसाइड की संभावना बनती है.