&format=webp&quality=medium)
इस स्टॉक में ₹400 की आ सकती है गिरावट
SRF लिमिटेड ने हाल ही में जून तिमाही (Q1 FY26) के नतीजे जारी किए. इसके बाद दो दिग्गज ब्रोकरेज हाउस, Jefferies और Citi ने कंपनी पर अपनी रिपोर्ट पेश की है और दोनों का मानना है कि आने वाले दिनों में SRF के शेयरों में और गिरावट आ सकती है. इस वक्त कंपनी का शेयर भाव 3,071.90 रुपए है और ब्रोकरेज का अनुमान है कि ये करीब 400 रुपए तक टूट सकता है.
Jefferies क्या कहा?
Jefferies ने SRF को 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग दी है, यानी वे इसे बाजार से कमजोर प्रदर्शन करने वाला शेयर मानते हैं. उन्होंने कंपनी के टारगेट प्राइस को पहले के 2,336 रुपए से थोड़ा बढ़ाकर अब 2,640 रुपए कर दिया है. मतलब ये कि स्टॉक अपने करेंट मार्केट प्राइस 3,071.90 रुपए से करीब 400 रुपए टूट सकता है.
Citi की रिपोर्ट भी कुछ ऐसी ही है. उन्होंने SRF पर 'सेल' यानी बेचने की सलाह दी है. उनका नया टारगेट प्राइस 2,725 रुपए है, जो पहले 2,375 रुपए था. दोनों ब्रोकरेज का साफ इशारा है कि कंपनी के तिमाही नतीजे भले नंबरों में ठीक लगें, लेकिन भविष्य को लेकर चिंताएं अब भी बरकरार हैं.
कैसे रहे कंपनी के तिमाही नतीजे
कंपनी की जून तिमाही में आमदनी साल दर साल 10.3% बढ़कर 3,819.6 करोड़ रुपए रही. मुनाफे के आंकड़े भी बेहतर दिखे. इस तिमाही में EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, डिप्रिशिएशन से पहले की कमाई 831 करोड़ रुपए रही, जो पिछले साल से 37.8% ज्यादा है. EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 21.7% पर पहुंच गया, जो कि पिछले साल की तुलना में 430 बेसिस पॉइंट की छलांग है. कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 71.5% बढ़कर 432 करोड़ रुपए रहा. इसमें फाइनेंस कॉस्ट में कमी और फॉरेक्स गेन का योगदान माना जा रहा है.
क्यों बढ़ी निवेशकों की चिंता?
हालांकि मुनाफा अच्छा है, लेकिन ब्रोकरेज हाउस को लगता है कि आगे कंपनी के लिए मुश्किलें बनी रह सकती हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी की केमिकल्स डिविजन को लेकर फिलहाल ज्यादा उम्मीदें नहीं की जा सकतीं. बाजार में R-32 जैसे गैस की भरमार है, जिससे कीमतों पर दबाव है. इसके अलावा नई यूनिट्स शुरू होने के बावजूद कंपनी की ग्रोथ को लेकर स्पष्टता नहीं दिख रही.
SRF आखिर करती क्या है?
SRF लिमिटेड एक बड़ी केमिकल कंपनी है, जो कई सेक्टरों में काम करती है. इसके चार मुख्य बिजनेस सेगमेंट हैं, टेक्निकल टेक्सटाइल्स, केमिकल्स, पैकेजिंग फिल्म्स और अन्य. कंपनी फ्रिज में इस्तेमाल होने वाले रेफ्रिजरेंट्स, स्पेशियलिटी केमिकल्स, पैकेजिंग मैटेरियल और इंडस्ट्रियल फैब्रिक बनाती है. SRF का ग्लोबल बिजनेस भी काफी मजबूत है और यह 90 से ज्यादा देशों में अपने प्रोडक्ट्स भेजती है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)