&format=webp&quality=medium)
Stock to Buy: सरकारी क्षेत्र की प्रमुख विद्युत उत्पादक कंपनी एसजेवीएन लिमिटेड ने नेपाल में निर्माणाधीन 900 मेगावाट क्षमता वाली अरुण-तीन पनबिजली परियोजना से दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) को 200 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करने के लिए समझौता किया है. यह करार शुक्रवार को एसजेवीएन के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता और डीवीसी के कार्यकारी निदेशक संजीव श्रीवास्तव की उपस्थिति में संपन्न हुआ.
यह परियोजना नेपाल के संखुवासभा जिले में एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एसजेवीएन अरुण-तीन पावर डेवलपमेंट कंपनी (SAPDC) द्वारा विकसित की जा रही है. चालू होने पर यह परियोजना हर साल लगभग 900 मेगावाट स्वच्छ और हरित ऊर्जा का उत्पादन करेगी, जिससे भारत की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी.
परियोजना के वित्त वर्ष 2027-28 तक चालू होने की उम्मीद है और इसे भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में गहराते सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है. अरुण नदी बेसिन पर आधारित इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाना और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करना है.
एसजेवीएन का यह प्रयास स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य और अंतरराष्ट्रीय सहयोग दोनों को मजबूती प्रदान करता है. SAPDC के माध्यम से नेपाल में की जा रही यह पहल दक्षिण एशिया में सतत जल विद्युत उत्पादन के एक मॉडल के रूप में उभर रही है.
इस खबर के बाद शेयर बाजार में एसजेवीएन के प्रति सकारात्मक रुझान देखा गया है. एक्सिस सिक्योरिटीज ने एसजेवीएन के शेयर पर खरीद की सलाह दी है. फिलहाल इसका शेयर ₹99.67 पर कारोबार कर रहा है. सलाह के अनुसार, निवेशक ₹98 से ₹100 की रेंज में इस शेयर में एंट्री कर सकते हैं, जबकि टारगेट प्राइस ₹110 और स्टॉप लॉस ₹96 रखा गया है. अगले 15 दिनों में इसमें लघु अवधि में कमाई की संभावना जताई गई है.
एसजेवीएन की यह परियोजना न केवल भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग को नई ऊंचाई देगी, बल्कि कंपनी के कारोबार और शेयरधारकों के लिए भी संभावनाओं का नया द्वार खोलेगी. निवेशकों के लिए यह एक आकर्षक अवसर हो सकता है.