&format=webp&quality=medium)
Stock To Buy: इंश्योरेंस बेचने वाली डिजिटल कंपनी Go Digit के तिमाही नतीजे आने के बाद बाजार में इसके शेयरों में हलचल दिखी. Q1FY26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 36.5% बढ़कर 138.33 करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 101.34 करोड़ रुपए था. इस मजबूत रिजल्ट के चलते Jefferies और Citi जैसी बड़ी ब्रोकरेज हाउसेज ने इस स्टॉक का टारगेट बढ़ा दिया है. दोनों ने 410 रुपए का टारगेट तय किया है, जबकि शेयर का मौजूदा भाव 344 रुपए के करीब है. इस खबर के बाद Go Digit का शेयर करीब 5% उछल गया.
Go Digit का ग्रॉस प्रीमियम सालाना आधार पर 12.1% बढ़कर 2981.80 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 2660.41 करोड़ रुपए था. हालांकि नेट रिटन प्रीमियम 3.8% घटकर 1950.60 करोड़ रुपए रहा. इसके अलावा नेट अर्न प्रीमियम में सिर्फ 2.3% की मामूली बढ़त दर्ज की गई, जो 1865 करोड़ रुपए रहा. यह आंकड़े दिखाते हैं कि कंपनी को प्रीमियम कलेक्शन में अच्छी ग्रोथ तो मिली है, लेकिन कुछ हिस्सों में ग्राहक रिटेंशन यानी पॉलिसी रिन्यूअल में गिरावट रही है.
Jefferies और Citi दोनों ने कंपनी की ग्रोथ और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन बिजनेस मॉडल को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है. उन्होंने टारगेट प्राइस को क्रमश: 360 और 395 रुपए से बढ़ाकर 410 रुपए किया है. दूसरी ओर, Morgan Stanley ने स्टॉक पर ‘Equalweight’ की रेटिंग बरकरार रखी है और 315 रुपए का टारगेट दिया है. उनके अनुसार, तिमाही प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा लेकिन प्रोडक्ट मिक्स और कम रिटेंशन की वजह से खर्च बढ़ा है. हालांकि कंपनी ने भरोसा जताया है कि रिटेंशन स्तर आने वाले समय में सामान्य हो जाएगा.
Go Digit की ROE (रिटर्न ऑन इक्विटी) में भी सुधार दिखा है, जो Indian GAAP और IFRS दोनों मानकों पर बेहतर रहा. इससे यह स्पष्ट होता है कि कंपनी का बिजनेस मॉडल मजबूत होता जा रहा है. हालांकि कुछ डेटा पॉइंट्स जैसे रिटेंशन और खर्च अनुपात पर निगरानी जरूरी है. लेकिन जिन निवेशकों का नजरिया लंबी अवधि का है, उनके लिए यह स्टॉक एक अच्छा दांव बन सकता है. खासकर इंश्योरेंस सेक्टर में टेक्नोलॉजी और डिजिटल प्लेटफॉर्म का तेजी से बढ़ता दखल Go Digit को बढ़त दे सकता है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)