&format=webp&quality=medium)
Torrent Pharmaceuticals ने हेल्थकेयर सेक्टर में बड़ी चाल चलते हुए JB Chemicals में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. यह डील ₹1600 प्रति शेयर के भाव पर होगी, जिसके तहत KKR से 46.39% हिस्सेदारी करीब ₹11,917 करोड़ में खरीदी जाएगी. डील पर साइन हो चुकी है. अब उसे एग्जीक्यूट किया जाएगा. कंपनी इसके बाद 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ₹1639.18 के भाव पर ओपन ऑफर भी लाएगी. यह अधिग्रहण ₹25,689 करोड़ के इक्विटी वैल्यूएशन पर होगा.
इस डील के बाद दोनों कंपनियों का मर्जर भी किया जाएगा. मर्जर की शर्तों के अनुसार JB Chemicals के 100 शेयरों के बदले Torrent Pharma के 51 शेयर जारी किए जाएंगे. यह कदम फार्मा सेक्टर में Torrent की पकड़ को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
Nomura ने शेयर पर Neutral रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹3580 का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि भारत में इनऑर्गेनिक विस्तार Torrent की प्रमुख रणनीति रही है और कंपनी ने पूर्व में कई मूल्यवर्धक अधिग्रहण किए हैं. JB Chemicals का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो Torrent के साथ पूरक है और यह डील आश्चर्यजनक नहीं है.
HSBC ने Buy रेटिंग के साथ ₹3775 का टारगेट दिया है. HSBC का मानना है कि यह डील भारत में क्रॉनिक थेरेपी सेगमेंट में Torrent की स्थिति को मजबूत करेगी और अंतरराष्ट्रीय लेवल पर कंपनी को CDMO (Contract Development and Manufacturing Organization) क्षमताएं भी प्रदान करेगी. HSBC के अनुसार, यह सौदा कंपनी की अगली ग्रोथ स्टेज की नींव रखेगा.
Jefferies ने भी Buy रेटिंग के साथ ₹3740 का टारगेट रखा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अधिग्रहण Torrent की भारत में स्थिति को और सशक्त करेगा और उसे लॉजेंजिस CDMO ऑपरेशंस में भी एंट्री देगा, खासकर एक्सपोर्ट सेगमेंट में. अगर यह डील 75% कर्ज के जरिए फंड होती है, तो दोनों कंपनियों का सम्मिलित नेट डेब्ट/EBITDA अनुपात 2.5x होगा, जो कि एक संतुलित लेवल है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)