&format=webp&quality=medium)
Olectra Greentech Share Price: इलेक्ट्रिक बस निर्माण से जुड़ी कंपनी Olectra Greentech के स्टॉक में आज तेज गिरावट दर्ज की गई. कंपनी के शेयर में 12% की गिरावट आई, जब महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एक पोस्ट में 5150 लीज्ड इलेक्ट्रिक बसों के ऑर्डर को रद्द करने की बात कही. शेयर 1345 के पिछले क्लोजिंग के मुकाबले 1180 रुपये के भाव पर गिर गया. हालांकि उन्होंने किसी कंपनी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया, लेकिन ऐसे संकेत समझे गए कि यह टिप्पणी Olectra Greentech से जुड़े कंसोर्टियम की ओर इशारा कर रही थी.
परिवहन मंत्री ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि संबंधित कंपनी 22 मई तक 1000 ई-बस की डिलीवरी नहीं कर पाई, जबकि सरकार ने उन्हें यह डेडलाइन संशोधित कार्यक्रम के तहत दी थी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि एक भी बस की आपूर्ति नहीं हो पाई, जिससे भविष्य में बसों की आपूर्ति पर संदेह उत्पन्न होता है. ऐसे में उन्होंने एसटी कॉर्पोरेशन के साथ हुए टेंडर समझौते को रद्द करने की सिफारिश की है.
जुलाई 2023 में Olectra Greentech और उसकी सहयोगी कंपनी Evey Trans को महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (MSRTC) से 5150 इलेक्ट्रिक बसों की सप्लाई का बड़ा ऑर्डर मिला था, जिसकी कुल वैल्यू लगभग ₹10,000 करोड़ थी. यह डील देश की सबसे बड़ी ई-बस डील्स में से एक मानी जा रही थी. डील के अनुसार, कंपनी को 24 महीनों में सभी बसें डिलीवर करनी थीं और 12 साल तक मेंटेनेंस सर्विसेज भी देनी थीं.
हालांकि, अब जब मंत्री ने सार्वजनिक रूप से अनुबंध रद्द करने की बात कही है, तो इससे Olectra की साख और ऑर्डरबुक पर असर पड़ सकता है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कंपनी की कुल ऑर्डरबुक FY25 के लिए 10,969 ई-बसों की है, जिनमें हाल ही में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट से मिले 297 ई-बसों का ऑर्डर भी शामिल है.
अगर MSRTC का यह ₹10,000 करोड़ का ऑर्डर रद्द होता है, तो यह Olectra के लिए वित्तीय और भावनात्मक झटका साबित हो सकता है. इस मुद्दे पर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन निवेशकों के बीच चिंता स्पष्ट दिखाई दे रही है. आने वाले दिनों में कंपनी की प्रतिक्रिया और सरकार की अंतिम कार्रवाई से स्थिति और स्पष्ट होगी.