&format=webp&quality=medium)
मार्केट क्रैश के बाद अब होगी कमाई! प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)
शुक्रवार को शेयर बाजार में आई भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. सेंसेक्स 1000 अंकों से ज्यादा टूट गया, निफ्टी 23,550 के नीचे फिसल गया और बाजार में घबराहट साफ दिखाई दी. ऐसे माहौल में निवेशकों की नजर उन शेयरों पर रहती है जिन पर बड़े ब्रोकरेज हाउस अब भी भरोसा जता रहे हैं.
मोतीलाल ओसवाल की ताजा रिपोर्ट में 5 ऐसे शेयरों पर Buy रेटिंग बरकरार रखी गई है, जिनमें मौजूदा स्तरों से 20% से 30% तक की संभावित तेजी का अनुमान लगाया गया है. इनमें Vinati Organics, Syrma SGS Technology, Transport Corporation of India, Midwest और Indostar Capital Finance शामिल हैं. ऐसे में बाजार की बड़ी गिरावट के बाद सोमवार के कारोबार में ये शेयर निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं.
शुक्रवार को शेयर बाजार में शुरुआत मजबूत रही थी और ग्लोबल बाजारों से भी अच्छे संकेत मिल रहे थे. हालांकि कारोबार के दौरान बिकवाली बढ़ती चली गई और बाजार बंद होते-होते यह गिरावट बड़ी कमजोरी में बदल गई. सेंसेक्स इंट्राडे में करीब 1200 अंक तक टूट गया था और 74,667 के स्तर तक फिसल गया. वहीं निफ्टी भी 380 अंक गिरकर 23,527 तक पहुंच गया था.
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,092 अंक टूटकर 74,775 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 359 अंक की गिरावट के साथ 23,547 के स्तर पर बंद हुआ. बैंक निफ्टी में भी 614 अंकों की कमजोरी दर्ज की गई. India VIX में 8% की तेज बढ़त ने बाजार में बढ़ी घबराहट को साफ तौर पर दिखाया.
बाजार में तेज गिरावट के बावजूद कुछ शेयर ऐसे हैं जिन पर ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल अब भी भरोसा जता रही है. अपनी ताजा रिपोर्ट में ब्रोकरेज ने पांच कंपनियों पर Buy रेटिंग बनाए रखी है और इनमें 20% से 30% तक की संभावित तेजी का अनुमान लगाया है.
मोतीलाल ओसवाल ने Vinati Organics पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है. शेयर का मौजूदा भाव 1,306.90 रुपये बताया गया है जबकि लक्ष्य मूल्य 1,700 रुपये रखा गया है. इस तरह शेयर में करीब 30% की संभावित बढ़त का अनुमान है.
ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी ने उम्मीद से बेहतर परिचालन प्रदर्शन किया है. ATBS कारोबार में वॉल्यूम ग्रोथ, क्षमता विस्तार और नए उत्पादों के योगदान से आगे ग्रोथ की उम्मीद जताई गई है.
Syrma SGS Technology के लिए ब्रोकरेज ने 1,300 रुपये का टारगेट दिया है जबकि मौजूदा भाव 1,088 रुपये बताया गया है. कंपनी PCB मैन्युफैक्चरिंग, जॉइंट वेंचर और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में विस्तार कर रही है.
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि बिजनेस मिक्स में बदलाव और हाई वैल्यू सेगमेंट्स पर फोकस कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट कर सकता है. शेयर में करीब 20% अपसाइड की संभावना बताई गई है.
ये भी पढ़ें: Stock Market Crash: सब कुछ सही था, फिर बंद होते-होते अचानक क्यों आया भूचाल? इन 4 बड़ी खबरों ने डुबाया बाजार
Transport Corporation of India यानी TCI पर भी Buy रेटिंग बरकरार रखी गई है. शेयर का मौजूदा भाव 920 रुपये है जबकि लक्ष्य मूल्य 1,150 रुपये रखा गया है.
रिपोर्ट के अनुसार Seaways कारोबार ने कंपनी की कमाई को मजबूत समर्थन दिया है. आने वाले समय में Freight, Supply Chain और Seaways सेगमेंट कंपनी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
Midwest के लिए ब्रोकरेज ने 1,500 रुपये का लक्ष्य मूल्य तय किया है. शेयर का मौजूदा स्तर 1,188 रुपये बताया गया है, जिससे लगभग 26% की संभावित बढ़त का अनुमान बनता है.
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी को Quartz और Heavy Sand Minerals जैसे नए कारोबारों से भविष्य में ग्रोथ मिलने की उम्मीद है. चौथी तिमाही में कंपनी को मजबूत वॉल्यूम और बेहतर बिक्री कीमतों का भी फायदा मिला.
Indostar Capital Finance के लिए मोतीलाल ओसवाल ने 290 रुपये का लक्ष्य मूल्य दिया है जबकि शेयर का मौजूदा भाव 235 रुपये बताया गया है.
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के कारोबार में सुधार के संकेत मिल रहे हैं. AUM और डिस्बर्समेंट में क्रमिक बढ़ोतरी देखी गई है. अतिरिक्त प्रावधानों के असर के बावजूद भविष्य को लेकर सकारात्मक रुख बनाए रखा गया है.
ब्रोकरेज रिपोर्ट के अनुसार Vinati Organics में करीब 30% का सबसे बड़ा अपसाइड दिखाई देता है. इसके बाद Midwest में 26%, TCI में 25%, Indostar Capital Finance में 23% और Syrma SGS Technology में करीब 20% संभावित बढ़त का अनुमान लगाया गया है. ऐसे में बाजार की बड़ी गिरावट के बाद सोमवार को इन शेयरों पर निवेशकों की नजर रह सकती है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)