&format=webp&quality=medium)
Ashok Leyland Share Price: बुधवार को Ashok Leyland के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. एक समय ऐसा लगा कि कंपनी के शेयर करीब 50% तक गिर गए, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई. लेकिन असलियत कुछ और ही है. ये गिरावट असली नहीं बल्कि बोनस शेयर के कारण टेक्निकल एडजस्टमेंट है.
मंगलवार को Ashok Leyland का शेयर ₹250.85 पर बंद हुआ था. लेकिन बुधवार सुबह शेयर ₹123.95 पर नजर आया. पहली नजर में यह बहुत बड़ी गिरावट लगी, लेकिन यह गिरावट कंपनी के 1:1 बोनस इश्यू की वजह से हुई.
बोनस शेयर का मतलब है कि कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों को फ्री में अतिरिक्त शेयर देती है. Ashok Leyland ने 1:1 बोनस जारी किया है – यानी हर एक शेयर पर एक नया शेयर मिलेगा.
इससे निवेशक के कुल शेयरों की संख्या डबल हो जाएगी, लेकिन हर शेयर की कीमत घट जाएगी, ताकि कुल वैल्यू में कोई बदलाव न हो. अगर किसी निवेशक के पास पहले 20 शेयर ₹200 के हिसाब से थे (₹4,000), तो अब उसके पास 40 शेयर होंगे, जिनकी कीमत लगभग ₹100 होगी. कुल निवेश अब भी ₹4,000 ही रहेगा. यानि सिर्फ शेयरों की संख्या और कीमत में बदलाव हुआ है, निवेश की वैल्यू वैसी की वैसी है.
7 जुलाई को कंपनी ने बोनस इश्यू को मंजूरी दी थी. 17 जुलाई को बोनस शेयर अलॉट होंगे. 18 जुलाई से ये बोनस शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे.
इससे बाजार में शेयरों की लिक्विडिटी बढ़ती है. छोटे निवेशकों के लिए निवेश करना आसान हो जाता है. इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और कंपनी की लोकप्रियता भी. Ashok Leyland के शेयर में जो भारी गिरावट दिखी है, वह असल में बोनस इश्यू की वजह से तकनीकी बदलाव है. निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है – उनके पोर्टफोलियो की वैल्यू में कोई नुकसान नहीं हुआ है.
Ashok Leyland एक भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी है, जो मुख्य रूप से कमर्शियल व्हीकल जैसे बस, ट्रक आदि बनाती है. इसके अलावा यह फाइनेंस, आईटी सर्विसेस और दूसरे क्षेत्रों में भी काम करती है.