&format=webp&quality=medium)
Godfrey Phillips Bonus Shares: सिगरेट बनाने वाली दिग्गज कंपनी Godfrey Phillips के शेयर में मंगलवार को जबरदस्त हलचल दिखी. आज अगर आप अपने ट्रेडिंग ऐप में गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया का शेयर देखकर चौंक गए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. यह मल्टीबैगर स्टॉक भले ही 65% से अधिक नीचे दिख रहा हो, लेकिन यह कोई गिरावट नहीं बल्कि एक कॉर्पोरेट एक्शन का हिस्सा है.
दरअसल, कंपनी के शेयर आज एक्स-बोनस (ex-bonus) हो गए हैं, जिसके चलते इनकी कीमत एडजस्ट हुई है. हालांकि, आज के ट्रेड में शेयर में 9% से ज्यादा की तेजी देखी गई. 11:35 बजे के आसपास शेयर 8 प्रतिशत की तेजी के साथ 3677 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. इसके पहले ये 3720 रुपये के इंट्राडे हाई पर चला गया था.
गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया ने अपने योग्य शेयरधारकों के लिए 2:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की थी. इसका मतलब है कि रिकॉर्ड डेट पर जिन निवेशकों के पास कंपनी का एक शेयर था, उन्हें उसके बदले में दो अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेंगे. कंपनी ने इसके लिए मंगलवार, 16 सितंबर, 2025 को रिकॉर्ड डेट तय की थी.
यह बोनस इश्यू ₹2 के फेस वैल्यू वाले नए फुली पेड-अप इक्विटी शेयरों के रूप में जारी किया गया है. कंपनी ने कुल 10,39,87,840 बोनस शेयर जारी किए हैं, जिसके बाद इसके कुल शेयरों की संख्या बढ़कर 15,59,81,760 हो गई है.
बोनस शेयर जारी होने के बाद, स्टॉक की कीमत में अनुपात के हिसाब से एडजस्ट किया जाता है. बुधवार को ₹10,227.10 पर बंद होने के बाद, मंगलवार को स्टॉक ₹3504.95 पर खुला. यह गिरावट कुछ ट्रेडिंग ऐप्स में बड़ी दिख सकती है, लेकिन यह केवल एक टेक्निकल एडजस्टमेंट है. असल में, कंपनी के शेयरों का मूल्य कम नहीं हुआ है, बल्कि प्रति शेयर मूल्य के हिसाब से शेयरों की संख्या बढ़ गई है.
बोनस एडजस्टमेंट के बाद भी गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के शेयर में तेजी देखने को मिली. स्टॉक लगभग 8% चढ़कर ₹3675 पर पहुंच गया, जिससे इसका कुल मार्केट कैप ₹55,000 करोड़ के पार चला गया.
यह स्टॉक अपने एडजस्टेड 52-हफ्तों के उच्च स्तर ₹3,816.85 से लगभग 11% नीचे है, जिसे इसने अगस्त 2025 में छुआ था. हालांकि, यह अपने एडजस्टेड 52-हफ्तों के निचले स्तर ₹1,370.30 से करीब 250% ऊपर है, जिसे इसने 28 जनवरी, 2025 को बनाया था.