&format=webp&quality=medium)
Eureka Forbes Share Price: एयर प्यूरीफायर और RO बनाने वाली कंपनी Eureka Forbes के शेयर में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी दिखी. शेयर 8% से ऊपर चढ़कर 659 रुपये के भाव पर बंद हुआ. दिन में इसने 659 का इंट्राडे हाई भी छुआ था, ये 52-वीक हाई भी है. कंपनी ने हाल ही में एनालिस्ट मीट किया था, जिसके बाद शेयर में जबरदस्त तेजी दिखी है.
मैनेजमेंट ने अपनी एनालिस्ट मीट में कंपनी के आने वाले सालों की रणनीति और टारगेट्स शेयर किए हैं. कंपनी ने बताया कि पिछले दो वर्षों में हर स्तर पर मजबूत स्ट्रक्चरल सुधार किए गए हैं, जिनका प्रभाव अब प्रदर्शन में दिखाई देना शुरू हो गया है. मैनेजमेंट का मानना है कि आने वाले पांच से सात वर्षों में घरेलू उपभोग, एयर क्वालिटी में गिरावट, डिजिटल एडॉप्शन और प्रीमियम अपग्रेडिंग ट्रेंड कंपनी के लिए बड़े अवसर पैदा करेंगे.
कंपनी ने बताया कि FY30 तक अपनी रेवन्यू को दोगुना और कामकाजी मुनाफे को तीन गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है. मैनेजमेंट ने 2030 तक 5,400–5,600 करोड़ रुपये की आय और 800–850 करोड़ रुपये के EBITDA का टारगेट निर्धारित किया है. कंपनी का कहना है कि प्रोडक्ट मिक्स का विस्तार, इनोवेशन, सर्विस नेटवर्क में सुधार और ब्रांड की मजबूत मौजूदगी इस ग्रोथ को सपोर्ट करेगी.
देश भर में तेजी से बिगड़ती एयर क्वालिटी, विशेष रूप से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अन्य मेट्रो शहरों में, एयर प्यूरीफायर सेगमेंट की मांग में तेज उछाल का कारण बन रही है. मैनेजमेंट का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस सेगमेंट में बड़ा स्केल तैयार होगा और बाजार में प्रवेश के लिए सबसे मजबूत स्थिति Eureka Forbes की होगी. कंपनी के अनुसार, बदलते मौसम चक्र और प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी से एयर प्यूरीफायर एक प्रीमियम विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यक उपभोक्ता उत्पाद बन रहा है.
कंपनी ने बताया कि वॉटर प्यूरीफायर, वैक्यूम क्लीनर, एयर प्यूरीफायर और वॉटर सॉफ्टनर जैसे चार प्रमुख प्रोडक्ट कैटेगरी ग्रोथ का मजबूत आधार बनकर उभर रहे हैं. पिछले आठ तिमाहियों में प्रोडक्ट वॉल्यूम की डबल-डिजिट वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि AMC (Annual Maintenance Contract) की बुकिंग में भी लगातार दूसरी तिमाही मजबूत डबल-डिजिट ग्रोथ देखने को मिली है.
वैक्यूम क्लीनर श्रेणी में कंपनी ने बताया कि रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर का मार्केट शेयर 60% हो चुका है, और FY30 तक इसे लगभग 6x बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. कंपनी का मानना है कि सर्विस बिजनेस से भविष्य में बड़े स्तर पर भर्ती नकदी प्रवाह की संभावना बन रही है, क्योंकि AMC मॉडल रेवेन्यू का सबसे स्थिर आधार है.
HDFC Securities ने Eureka Forbes पर कवरेज की शुरुआत BUY रेटिंग के साथ की है और इसके लिए 830 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा भाव के मुकाबले लगभग 27% की तेजी है. ब्रोकरेज का कहना है कि अंडरपैनेट्रेटेड कैटेगरी में कंपनी की मार्केट लीडरशिप, उच्च ब्रांड वैल्यू, अनुभवी मैनेजमेंट और असेट लाइट मॉडल ऑपरेटिंग मॉडल इसे सेक्टर के सबसे मजबूत खिलाड़ियों में से एक बनाता है.
रिपोर्ट के अनुसार FY25–28 के बीच कंपनी की आय, EBITDA और नेट प्रॉफिट क्रमशः 14%, 23% और 27% CAGR से बढ़ने का अनुमान है. पानी से जुड़े उत्पादों में मजबूत मांग, सर्विस बिजनेस की रिकवरी और वैक्यूम क्लीनर कैटेगरी में हाई-टेक मॉडल की बढ़ती स्वीकार्यता मार्जिन सुधार में सहायक होगी.