&format=webp&quality=medium)
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों को मिला तगड़ा टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज फर्म BOB कैपिटल मार्केट्स ने उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक (Ujjivan Small Finance Bank) को लेकर एक पॉजिटिव रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंक के शेयर में मौजूदा स्तर 49.75 रुपये से करीब 20 फीसदी तक मुनाफा मिल सकता है. इस रिपोर्ट के बाद निवेशकों की नजर अब इस स्मॉल फाइनेंस हीरो पर टिक गई है.
सिक्योर्ड लोन पर फोकस
बैंक अब अपने पोर्टफोलियो में असुरक्षित (unsecured) लोन की जगह सुरक्षित (secured) लोन को प्राथमिकता दे रहा है. मार्च 2025 तक बैंक के कुल कर्ज का 43 फीसदी हिस्सा सुरक्षित लोन में बदल चुका है, जो पिछले साल 30 फीसदी था. इसमें हाउसिंग, MSME, FIG और एग्रीकल्चर बैंकिंग जैसे सेगमेंट शामिल हैं. इससे न केवल डिफॉल्ट का खतरा घटा है, बल्कि बैंक की आमदनी भी स्थिर हो रही है.
बढ़िया एसेट क्वालिटी बनी ताकत
बैंक की ग्रॉस एनपीए (GNPA) दर मार्च 2025 में घटकर 2.2 फीसदी हो गई है, जो पिछले साल से 0.5 फीसदी कम है. माइक्रोफाइनेंस लोन में जरूर कुछ स्लिपेज देखा गया है, लेकिन बैंक के अन्य पोर्टफोलियो की क्वालिटी मजबूत बनी हुई है. इंडिविजुअल लोन की क्वालिटी ग्रुप लोन से बेहतर रही है और यही ट्रेंड बैंक आगे भी बनाए रखने की तैयारी में है.
यूनिवर्सल बैंक की तैयारी
FY27 तक बैंक की रिटर्न ऑन एसेट (ROA) 1.9 फीसदी और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 15.5 फीसदी तक पहुंच सकती है. साथ ही, बैंक ने फरवरी 2025 में यूनिवर्सल बैंक बनने के लिए RBI से आवेदन कर दिया है. अगर यह मंजूरी मिलती है तो बैंक की लागत घटेगी और ब्रांड वैल्यू बढ़ेगी.
निवेशकों के लिए शानदार मौका
BOB कैपिटल ने उज्जीवन बैंक के शेयर पर ‘BUY’ की रेटिंग देते हुए इसका टारगेट प्राइस 59 रुपये तय किया है. फिलहाल यह शेयर 49.75 रुपये पर कारोबार कर रहा है. यानी यहां से 20 फीसदी तक का रिटर्न मिल सकता है. बेहतर ग्रोथ, मजबूत बैलेंस शीट और रणनीतिक बदलावों के चलते यह स्मॉल फाइनेंस बैंक बड़ा मुनाफा दे सकता है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)