&format=webp&quality=medium)
Bharti Airtel Share Price: टेलीकॉम दिग्गज भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने सितंबर तिमाही (Q2FY26) में उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का प्रदर्शन सभी बड़े पैरामीटर्स पर मजबूत रहा, सिवाय मुनाफे (PAT) के जो अनुमान से थोड़ा नीचे रहा. वैसे, भारत और अफ्रीका दोनों मार्केट में कंपनी ने दमदार ग्रोथ दिखाई है, जबकि बोर्ड ने Indus Towers में 5% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने की मंज़ूरी भी दे दी है. फिलहाल कंपनी की हिस्सेदारी 51% है.
कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 5.4% बढ़कर ₹52,145 करोड़ रहा, जो बाजार अनुमान ₹50,967 करोड़ से बेहतर है. EBITDA ₹29,561 करोड़ रहा, जो 6.2% की तिमाही बढ़त दर्शाता है. मार्जिन भी 56.69% तक सुधरे. हालांकि, मुनाफा (PAT) ₹6,792 करोड़ रहा, जो अनुमानित ₹7,065 करोड़ से थोड़ा नीचे है. ARPU ₹256 रहा, जो तिमाही दर तिमाही 2.4% और सालाना 10% की बढ़त है. खास बात यह है कि यह Jio से करीब 21% ज्यादा है. एंट्री-लेवल प्लान में किए गए बदलाव, प्रीमियम ग्राहक आधार और मजबूत मोनेटाइजेशन ट्रेंड ने कंपनी के आउटलुक को और बेहतर बनाया है.
Q2FY26 में एयरटेल ने रिकॉर्ड 9.5 लाख नए ग्राहक जोड़े, जिससे इसका इंडिया मोबाइल बिजनेस और मजबूत हुआ. Airtel Business सेगमेंट में 4.3% की ग्रोथ रही, जबकि Digital TV में हल्की गिरावट (0.7%) दर्ज की गई. भारत में कंपनी का ग्राहक आधार अब करीब 450 मिलियन, जबकि अफ्रीका में 174 मिलियन के पार पहुंच गया है. तिमाही के दौरान कंपनी ने ₹11,362 करोड़ का कैपेक्स किया, जिसमें भारत का हिस्सा ₹9,643 करोड़ और अफ्रीका का ₹1,719 करोड़ रहा. कंपनी का हाफ ईयर फ्री कैश फ्लो ₹31,900 करोड़ रहा, जो बेहद मजबूत माना जा रहा है.
कंपनी के बेहतर नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसों ने स्टॉक पर पॉजिटिव रुख बनाए रखा है और कुछ ने टारगेट भी बढ़ा दिए हैं. शेयर मंगलवार को 1.8% की तेजी के साथ 2,112 रुपये के भाव पर बंद हुआ था.
Jefferies ने शेयर पर Buy रेटिंग को मेंटेन रखा है और टारगेट ₹2,500 से बढ़ाकर ₹2,635 कर दिया है, ये मौजूदा भाव से अभी भी 24% की बढ़त दिखा रहा है. रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी के ग्रोथ, मार्जिन और फ्री कैश फ्लो, तीनों क्षेत्रों में पॉजिटिव आउटलुक दिख रहा है.
CLSA ने स्टॉक पर Accumulate की सलाह के साथ टारगेट ₹2,035 से बढ़ाकर ₹2,285 किया है. ब्रोकरेज ने कहा कि भारत और अफ्रीका दोनों क्षेत्रों में ऑपरेशन बेहतर रहे हैं, और मोबाइल रेवेन्यू में 3–4% तिमाही ग्रोथ दर्ज की गई है.
CITI की ओर से एयरटेल के शेयर पर Buy रेटिंग आई है और इसके साथ ₹2,225 का टारगेट बरकरार रखा है. रिपोर्ट में कहा गया कि इंडिया मोबाइल, होम्स और बिजनेस सेगमेंट, तीनों उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि मजबूत ARPU और सब्सक्राइबर ग्रोथ ने कुल नतीजों को मजबूती दी है.
ब्रोकरेजेज का मानना है कि एयरटेल की रेवेन्यू ग्रोथ और ग्राहक जोड़ने की रफ्तार बनी रही तो आने वाले महीनों में इसका मुनाफा और मार्जिन और मजबूत हो सकता है. डिजिटल सर्विसेज, हाई-स्पीड नेटवर्क कवरेज और प्रीमियम कस्टमर बेस जैसे फैक्टर कंपनी के लिए लंबी अवधि में फायदे का सौदा साबित हो सकते हैं.