&format=webp&quality=medium)
Asian Paint को लेकर कंफ्यूजन में क्यों हैं ब्रोकरेज हाउस?
एशियन पेंट्स (Asian Paint) के ताजा तिमाही नतीजों के बाद देश-विदेश के कई ब्रोकरेज हाउसों ने अपनी-अपनी राय दी है. कुछ ने इसे खरीदने की सलाह दी है तो कुछ ने साफ कहा है कि इससे दूरी बनाकर रखो.
यही वजह है कि इस स्टॉक को लेकर निवेशकों में भ्रम की स्थिति है. जहां Jefferies और HSBC जैसे ब्रोकरेज इसे लॉन्ग टर्म के लिए मुनाफे वाला सौदा मान रहे हैं, वहीं Citi, Goldman Sachs और CLSA जैसे दिग्गज फर्म्स ने इसमें 'Sell' रेटिंग दी है.
किसने क्या कहा? जानिए ब्रोकरेज हाउस की राय
Jefferies ने Asian Paint पर 'Buy' रेटिंग को बनाए रखा है और इसका टारगेट प्राइस 2,900 रुपए तय किया है, जो पहले 2,830 रुपए था. वहीं HSBC ने भी इसे 'Buy' रेटिंग दी है, लेकिन टारगेट घटाकर 2,800 रुपए कर दिया है जो पहले 2,900 रुपए था.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें-
इसके उलट, Citi, Goldman Sachs और CLSA ने इसे बेचने की सलाह दी है. CLSA ने टारगेट प्राइस 1,966 रुपए से घटाकर 1,927 रुपए कर दिया है. वहीं Goldman Sachs ने 'Sell' रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस को बढ़ाकर 2,250 रुपए किया है. Citi ने टारगेट को थोड़ा बढ़ाकर 2,150 रुपए किया है.
Morgan Stanley ने भी इसे 'Underweight' रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 1,909 रुपए रखा है. दूसरी ओर, JP Morgan ने अपनी रेटिंग अपग्रेड करते हुए 'Neutral' कर दी है और टारगेट प्राइस को 2,250 से 2,500 रुपए किया है.
Macquarie को भरोसा
इन सब से अलग, ब्रोकरेज फर्म Macquarie ने Asian Paint को लेकर 'Outperform' रेटिंग दी है और इसका टारगेट 2,750 रुपए रखा है. उनका मानना है कि कंपनी की फंडामेंटल स्थिति मजबूत है और शहरों में डिमांड में शुरुआती सुधार के संकेत दिखने लगे हैं. हालांकि, वे यह भी मानते हैं कि नजदीकी भविष्य में ग्रोथ रफ्तार धीमी ही रह सकती है.
क्यों बंटी हुई हैं ब्रोकरेज की राय?
असल में, Asian Paints का परफॉर्मेंस इस तिमाही में कुछ मिला-जुला रहा है. शहरी क्षेत्रों में थोड़ी डिमांड रिकवरी तो दिख रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में मांग अब भी सुस्त है. साथ ही, कंपनी को अपने प्रतिस्पर्धियों से भी काफी टफ कॉम्पिटिशन का सामना करना पड़ रहा है.
ब्रोकरेज हाउस मानते हैं कि आने वाले समय में कंपनी की वॉल्यूम और वैल्यू ग्रोथ सिंगल डिजिट में रह सकती है. यही वजह है कि कुछ संस्थानों को इस स्टॉक से ज्यादा उम्मीदें हैं, तो कुछ को सतर्कता बरतने की सलाह देनी पड़ी.
अब निवेशक क्या करें?
अगर आप एक लॉन्ग टर्म निवेशक हैं और कंपनी के फंडामेंटल्स में भरोसा रखते हैं, तो Jefferies, HSBC और Macquarie जैसी फर्म्स की सलाह पर विचार कर सकते हैं. लेकिन अगर आप शॉर्ट टर्म रिटर्न चाहते हैं, तो Citi, CLSA और Goldman Sachs की चेतावनी को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए. कुल मिलाकर, Asian Paints एक स्थिर लेकिन फिलहाल चुनौतीपूर्ण स्थिति में है, जहां धैर्य और समझदारी से निवेश करना जरूरी होगा.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)