&format=webp&quality=medium)
Anil Singhvi Stocks: शेयर बाजार में इस हफ्ते बाजार थोड़ा मिला-जुला रुख दिखा रहे हैं. एक दिन की कमजोरी के बाद थोड़ा कंसॉलिडेशन दिखाई दे रहा है. लेकिन गुरुवार को ऐसे कई शेयरों में खरीदारी का मौका है, जहां तेजी के ट्रिगर्स बन रहे हैं. मार्केट गुरु अनिल सिंघवी ने आज के लिए ऐसे तीन शेयरों में खरीदारी की राय दी है जिनमें मजबूत फंडामेंटल्स, हालिया खबरें और बड़े ब्रोकरेज हाउस की रिपोर्ट्स का सपोर्ट साफ दिखता है. आइए समझते हैं कि इनमें खरीदारी की सलाह क्यों दी गई है और इनके टारगेट व स्टॉपलॉस क्या हैं.
बाजार में LG Electronics आज के लिए पहला दांव है. स्टॉक कल भी 2.7% चढ़ा था और लगातार मजबूती दिखा रहा है. इसके लिए Buy की सलाह है, स्टॉपलॉस 1640, और लक्ष्य 1690, 1705 और 1725.
LG के फंडामेंटल बेहद मजबूत हैं, और पिछले दो दिनों में तीन बड़े FII ब्रोकरेज हाउस ने स्टॉक पर अपग्रेड जारी किए हैं. मॉर्गन स्टैनली का कहना है कि कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग तेज बनी हुई है और GST कट ने इन्हें और अफोर्डेबल बनाया है. सभी कैटेगरी में कड़ी प्रतियोगिता होने के बावजूद LG ने अपनी पकड़ मजबूत रखी है.
कंपनी के 2Q नतीजे कमजोर रहे थे, लेकिन नए लॉन्च और B2B सेगमेंट आने वाले महीनों में बड़े ग्रोथ ड्राइवर बन सकते हैं. तीसरी तिमाही में प्रीमियम एप्लायंसेस में रिकवरी की उम्मीद है. LG Essential नाम की नई कैटेगरी को भी बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला है. कंपनी ने 16-20 हजार की रेंज में दो नए SKUs लॉन्च किए हैं और चौथी तिमाही में दो और लॉन्च करने की तैयारी है. इसके साथ ही कंपनी रेफ्रिजरेटर और वाशिंग मशीन में 1.5-2% तक कीमतें बढ़ा सकती है, जिससे मार्जिन और बेहतर हो सकते हैं. लोकलाइजेशन भी लागत घटाने और लाभ बढ़ाने में मदद करेगा.
Max Healthcare आज दूसरा बड़ा स्टॉक ऑफ द डे है. सलाह है कि इसे गिरावट पर खरीदें. स्टॉपलॉस 1140, लक्ष्य 1175, 1185 और 1198. स्टॉक कल 4% उछला था, लेकिन असली ताकत कंपनी की दी गई मजबूत गाइडेंस से आती है. अगले 3-4 सालों में कंपनी 4800 से ज्यादा नए बेड जोड़ने की तैयारी में है और FY29 तक कुल क्षमता 10,000 बेड तक पहुंचाने का लक्ष्य है. FY30 तक 6487 करोड़ का कैपेक्स करने की योजना है, जो लंबी अवधि के लिए मजबूत विस्तार का संकेत देता है.
हालांकि तिमाही नतीजों में राजस्व और EBITDA अनुमान से कम रहे, लेकिन मार्जिन और PAT उम्मीदों के अनुरूप रहे. PAT साल-दर-साल 74% बढ़ा, जो कंपनी की ऑपरेशनल मजबूती दिखाता है. स्वास्थ्य सेवा सेक्टर में बढ़ती डिमांड और कंपनी की आक्रामक विस्तार योजना इसे आकर्षक बनाती है.
NBCC Futures में भी खरीदारी की राय है. स्टॉपलॉस 111, और लक्ष्य 115, 117 और 119. NBCC को नागपुर मेट्रो रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (NMRDA) से 2966 करोड़ रुपए का बड़ा ऑर्डर मिला है. नवीन नागपुर के फेज 1 के डेवलपमेंट के लिए मिला यह प्रोजेक्ट कंपनी के लिए बड़ा ट्रिगर माना जा रहा है.
इसके अलावा NBCC ने ग्रेटर नोएडा के Aspire Leisure Valley Pkg-2 में 1069 करोड़ की 609 रेज़िडेंशियल यूनिट्स बेच दी हैं, जो रियल एस्टेट डिमांड के मजबूत होने का संकेत है. मजबूत ऑर्डरबुक और लगातार मिलने वाले नए प्रोजेक्ट्स NBCC की ग्रोथ को और गति देंगे.