&format=webp&quality=medium)
Stock Markets Today: शेयर बाजार में मंगलवार को वीकली एक्सपायरी पर बाजार में तेज हलचल रही. सुबह अच्छी शुरुआत के थोड़ी देर बाद ही बाजार फिसल गए थे. और क्लोजिंग तक बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए. हालांकि, पीएसयू बैंकिंग शेयरों में तेजी के चलते बैंक निफ्टी को सपोर्ट मिला. अंत में निफ्टी 58 अंक गिरकर 25,732 पर बंद हुआ. सेंसेक्स 250 अंक गिरकर 83,628 पर बंद हुआ और बैंक निफ्टी 128 अंक चढ़कर 59,579 पर बंद हुआ. करेंसी मार्केट में रुपया 4 पैसे कमजोर होकर 90.19/$ पर बंद हुआ.
मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 47 अंकों की कमजोरी के साथ 13,649 पर बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 102 अंकों की बढ़त के साथ 17,295 का स्तर छुआ. सेक्टरल फ्रंट पर आईटी शेयरों में मजबूती दिखी और निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.7% चढ़कर बंद हुआ. मेटल सेक्टर में भी हल्की तेजी रही और निफ्टी मेटल्स 0.3% ऊपर रहा. वहीं रियल्टी और फार्मा शेयरों में दबाव देखने को मिला. निफ्टी रियल्टी और निफ्टी फार्मा दोनों ही करीब 0.5% की गिरावट के साथ बंद हुए.
निफ्टी 50 में आज ONGC सबसे बड़ा गेनर रहा, जहां शेयर में 3.5% की तेजी देखने को मिली. इसके अलावा Eternal में 3.2%, टेक महिंद्रा में 2% और ICICI बैंक में 1.5% की मजबूती रही. दूसरी ओर, Trent के शेयरों में सबसे ज्यादा 3% की गिरावट दर्ज की गई. रिलायंस इंडस्ट्रीज 2% टूटा, जबकि डॉ रेड्डीज और इंटरग्लोब एविएशन में भी 1.5–1.8% तक की कमजोरी देखने को मिली.
खबरों वाले शेयरों की बात करें तो ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस हल्की गिरावट के साथ 0.11% नीचे बंद हुआ. BALU Forge Industries में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली और शेयर 6% चढ़ा. कल्पतरु के शेयरों में 5% की तेजी रही, जबकि L&T में 3% की कमजोरी दर्ज की गई.
आज के टॉप गेनर्स में केमप्लास्ट सनमार ने सबसे ज्यादा चमक बिखेरी और शेयर करीब 14% उछल गया. बालाजी अमाइंस में 10% और ऑथम इन्वेस्टमेंट में 8% की मजबूती देखने को मिली. PV Inox भी 6% की तेजी के साथ बंद हुआ. वहीं टॉप लूजर्स में डिक्सन टेक्नोलॉजीज 5% टूटा. HEG Ltd में 4% और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक में 3% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अशोका बिल्डकॉन में भी कमजोरी बनी रही.
ऊपर क्यों टिक नहीं पाया बाजार?
1. FIIs की बिकवाली का दबाव
2. अच्छे नतीजों के बावजूद IT शेयरों में आई बिकवाली
3. ट्रंप को लेकर दुनियाभर में अनिश्चितता का माहौल
4. रुपए में फिर कमजोरी
5. एक हफ्ते से गिरावट के माहौल से सेंटिमेंट बेहद कमजोर
6. उछाल में सभी को पोजीशन हल्की करनी है, खरीदना किसी को नहीं
अब कौनसे लेवल्स हैं अहम?
- निफ्टी 25475-25625, बैंक निफ्टी 59150-59250 मजबूत सपोर्ट
- निफ्टी 25775-25875, बैंक निफ्टी 59575-59775 ऊपरी रेंज
- निफ्टी 25600, बैंक निफ्टी 59150 के नीचे बंद होने पर बढ़ेगी कमजोरी
- निफ्टी 25825, बैंक निफ्टी 59575 के ऊपर बंद होने पर गिरावट रुकने का संकेत
STOCK IN ACTION
ICICI Pru:
- नतीजों के बाद शेयर में आया तगड़ा उछाल
Manappuram:
- Bain Capital की डील टूटने की अफवाह से 10% टूटा था शेयर
- खंडन आने के बाद और गोल्ड की तेजी से शेयर में तगड़ा उछाल
- पिछले साल ‘New Year Pick’ और कल सुबह ‘Stock Insights’ में बताया था शेयर
सुबह तेजी के साथ शुरुआत होती दिखी. बाजार में अच्छे नतीजों वाली कंपनियों के शेयरों में खरीदारी हो रही थी. सेंसेक्स 300 अंक ऊपर तो निफ्टी 60 अंक ऊपर ट्रेड करता दिखा. बैंक निफ्टी में भी 260 अंकों की तेजी दिखी. कल जिन कंपनियों ने अच्छे नतीजे जारी किए, उनमें ओपनिंग के साथ खरीदारी होती दिखी.
India VIX 2% ऊपर था. फार्मा, आईटी, ऑटो, रियल्टी, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे इंडेक्स में बिकवाली थी. लेकिन पीएसयू बैंक, मीडिया, NBFC, मेटल जैसे इंडेक्स में तेजी थी. निफ्टी पर Eternal, ONGC, Hindalco, Tech Mahindra, HDFC Bank, SBI, Eicher Motors में सबसे ज्यादा तेजी दिखी. वहीं, LT, HCL Tech, Dr Reddy, Cipla, Reliance, Bharti Airtel, Trent जैसे शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट थी.
पिछली क्लोजिंग के मुकाबले देखें तो सेंसेक्स 201 अंक ऊपर 84,079 पर खुला. निफ्टी 107 अंक ऊपर 25,897 पर खुला. बैंक निफ्टी 317 अंक ऊपर 59,767 पर खुला और करेंसी मार्केट में रुपया 10 पैसे कमजोर 90.25/$ पर खुला था.
घरेलू शेयर बाजारों के लिए वीकली एक्सपायरी के दिन मंगलवार की सुबह ग्लोबल मार्केट्स से मजबूत संकेत मिल रहे हैं. अमेरिकी बाजारों में जोरदार रिकवरी देखने को मिली, जहां डाओ जोंस 580 अंकों की उछाल के साथ अपने लाइफ हाई पर पहुंच गया. वहीं S&P 500 और रसेल 2000 ने भी नए ऑल-टाइम हाई बनाए, जबकि नैस्डैक 60 अंक चढ़कर बंद हुआ.
हालांकि आज दिसंबर की महंगाई दर के आंकड़ों से पहले डाओ फ्यूचर्स करीब 75 अंक फिसलते नजर आ रहे हैं. गिफ्ट निफ्टी करीब 50 अंकों की बढ़त पर था. एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई में जल्दी चुनाव की संभावनाओं के चलते करीब 1700 अंकों की बड़ी तेजी देखने को मिली है.
घरेलू संस्थागत गतिविधियों की बात करें तो विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी है. FIIs ने कल 3975 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की और लगातार छठे दिन बाजार से पैसा निकाला. इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशकों का भरोसा बरकरार है. घरेलू फंड्स ने रिकॉर्ड 95वें दिन भी खरीदारी जारी रखते हुए बाजार में 5839 करोड़ रुपये डाले. GIFT निफ्टी करीब 50 अंकों की बढ़त के साथ 25900 के आसपास कारोबार करता दिख रहा है.
LIVE TV यहां देखें:
आज बाजार की नजर भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी संभावित बातचीत पर बनी हुई है. हालांकि अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आज ट्रेड डील की बातचीत आगे बढ़ने की जानकारी दी है. इसी बीच पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर तत्काल प्रभाव से 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है, हालांकि किन देशों पर यह टैरिफ लागू होगा, इसके नाम साफ नहीं किए गए हैं.
कमोडिटी मार्केट में तेज हलचल बनी हुई है. चांदी ने एक ही दिन में 16 हजार रुपये की छलांग लगाकर 2 लाख 71 हजार 352 रुपये का नया लाइफ हाई छू लिया, जबकि सोना भी 3200 रुपये उछलकर पहली बार 1 लाख 42 हजार 500 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड और सिल्वर ने जोरदार तेजी के साथ नए ऑल-टाइम हाई बनाए हैं. जियोपॉलिटिकल तनाव के चलते कच्चे तेल में भी मजबूती दिखी है और ब्रेंट क्रूड लगातार तीसरे दिन तेजी के साथ 64 डॉलर के ऊपर निकल गया है, जो दो महीने का उच्च स्तर है.
डॉलर में नरमी का फायदा बेस मेटल्स को मिला है. कॉपर करीब डेढ़ फीसदी चढ़ा है, जबकि एल्युमीनियम 4 साल की और निकेल 16 महीने की ऊंचाई पर पहुंच गया है.
मैक्रो फ्रंट पर राहत की खबर आई है. दिसंबर की रिटेल महंगाई अनुमान से कम रही है. CPI 1.33 फीसदी पर पहुंची है, जो पहले करीब पौन फीसदी थी. फूड इंफ्लेशन जरूर बढ़ा है, लेकिन अभी भी निगेटिव जोन में बना हुआ है.
कॉरपोरेट नतीजों की बात करें तो मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ के साथ HCL Tech ने अच्छे नतीजे पेश किए हैं. TCS के नतीजे मोटे तौर पर अनुमान के मुताबिक रहे, लेकिन कंपनी का आउटलुक मजबूत नजर आ रहा है. आज F&O सेगमेंट में ICICI Lombard, ICICI Prudential Life और Tata Elxsi के नतीजों पर बाजार की खास नजर रहेगी.