&format=webp&quality=medium)
Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार (29 सितंबर) को लगातार छह दिनों की कमजोरी पर ब्रेक लगते-लगते रह गया. प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स हल्की गिरावट लेकर लाल निशान में बंद हुए. दिन में तेज उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला. निफ्टी 20 अंक गिरकर 24,635 पर बंद हुआ. सेंसेक्स 61 अंक गिरकर 80,365 पर बंद हुआ. NIFTY BANK 63 अंक ऊपर 54453 पर बंद हुआ. MIDCAP100 166 अंक ऊपर 56544 पर बंद हुआ. SMALLCAP100 11.8 अंक नीचे 17549 पर बंद हुआ. और रुपया 4 पैसे कमजोर होकर 88.76/$ पर बंद हुआ.
निफ्टी पर Maruti suzuki -1.9%, Axis Bank -1.7%, Dr Reddy -1.6% और Adani Ent -1.3% की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे. Titan 2%, SBI 1.6%, Wipro 1.6% और IndusInd Bk 1.2% की तेजी के साथ टॉप गेनर्स रहे. खबरों के चलते TATA INVESTMENT +2.7%, ATHER ENERGY +8.3% और WAAREE ENERGIES +2.2% चढ़ा, वहीं, GODAWARI POWER AND ISPAT -2.3% गिरा था.
सुबह बाजार की तेजी के साथ ही ओपनिंग हुई थी. ऐसा छह दिनों के बाद हुआ है, जब बाजार में हरे निशान में कारोबार होता दिखा. निफ्टी 50 अंकों की तेजी के साथ 24,700 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. सेंसेक्स 162 अंक ऊपर 80,588 पर खुला. निफ्टी 74 अंक ऊपर 24,728 पर खुला और बैंक निफ्टी 71 अंक ऊपर 54,460 पर खुला. वहीं, करेंसी मार्केट में रुपया 6 पैसे मजबूत 88.66/$ पर खुला.
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी हरे निशान में ट्रेड कर रहे थे. ऑटो, बैंकिंग, मेटल और आईटी शेयरों में तेजी दिख रही थी. लेकिन FMCG शेयरों में आज बिकवाली थी. निफ्टी 50 पर BEL, Eternal, Tata Steel, Sun Pharma, Wipro में सबसे ज्यादा तेजी थी. HUL, Axis Bank, LT, Nestle, Maruti Suzuki में गिरावट थी. निफ्टी के 50 शेयरों में से 12 ही लाल निशान में थे.
सुबह गिफ्ट निफ्टी 115 अंकों की तेजी देख रहा था. उधर, शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में तीन दिन की गिरावट पर ब्रेक लगा. महंगाई के अनुमान मुताबिक आंकड़े आने के बाद डाओ जोंस 300 अंक की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 100 अंक चढ़कर दिन की ऊंचाई पर पहुंच गया. इसी का असर एशियाई बाजारों और GIFT निफ्टी पर भी दिखा. GIFT निफ्टी 130 अंक उछलकर 24,800 के ऊपर पहुंचा. हालांकि जापान का निक्केई 400 अंक टूट गया. डाओ फ्यूचर्स भी शुरुआती कारोबार में 80 अंक मजबूत दिखे.
कमोडिटी बाजार में चांदी ने नई ऊंचाई छू ली. घरेलू बाजार में चांदी 5,100 रुपए की बड़ी छलांग लगाकर पहली बार 1,42,000 रुपए के ऊपर बंद हुई. सोना भी 1,100 रुपए चढ़कर 1,13,800 रुपए के करीब पहुंचा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सुस्त रहा, लेकिन चांदी 14 साल बाद पहली बार 46 डॉलर के ऊपर निकल गई. कच्चा तेल भी लगातार चौथे दिन चढ़कर 69 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गया.
फंड फ्लो की बात करें तो शुक्रवार की गिरावट में एफआईआई ने कैश, इंडेक्स और स्टॉक फ्यूचर्स मिलाकर नेट 10,418 करोड़ रुपए की बड़ी बिकवाली की. हालांकि, डीआईआई ने 24वें दिन भी खरीदारी जारी रखी और करीब 5,800 करोड़ रुपए बाजार में लगाए.
कॉर्पोरेट मोर्चे पर टाटा मोटर्स में बड़ा बदलाव हुआ है. एक अक्टूबर से शैलेश चंद्रा कंपनी के नए MD & CEO का पद संभालेंगे, जबकि PB बालाजी जगुआर लैंड रोवर (JLR) के CEO बनेंगे. इसके अलावा आज निफ्टी में फेरबदल होगा. हीरो मोटोकॉर्प और इंडसइंड बैंक का इंडेक्स में आखिरी दिन होगा. क्लोजिंग के बाद Interglobe Aviation (IndiGo) और Max Healthcare निफ्टी में शामिल होंगे.
मैक्रो लेवल पर आज से रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की तीन दिवसीय बैठक शुरू होगी. बुधवार को ब्याज दरों पर फैसला आएगा. साथ ही आज अगस्त महीने की IIP ग्रोथ के आंकड़े भी जारी होंगे. बाजार का अनुमान है कि इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन 3.5% से बढ़कर 5.5% रह सकता है.
IPO मार्केट में भी हलचल तेज है. टाटा कैपिटल का IPO 6 अक्टूबर से खुलेगा, जो इस साल का सबसे बड़ा इश्यू माना जा रहा है. वहीं, आज Atlanta Electricals (70 गुना सब्सक्रिप्शन) और Ganesh Consumer Products (2.5 गुना सब्सक्रिप्शन) की लिस्टिंग होगी. Trualt Bioenergy का IPO आज बंद होगा, जिसे अब तक 81% सब्सक्रिप्शन मिला है. Pace Digitek का IPO पहले दिन 16% भरा. आज से Fabtech Technologies, Glottis और Om Freight Forwarders के IPO भी खुल रहे हैं.
इस बीच दुबई के फाइनेंशियल रेगुलेटर ने HDFC Bank की दुबई ब्रांच पर नए ग्राहक जोड़ने और उनसे संपर्क करने पर रोक लगा दी है. बैंक का कहना है कि इस फैसले का उसके कारोबार पर खास असर नहीं पड़ेगा.