शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स करीब 380 प्वॉइंट टूटा, निफ्टी 120 अंक गिरकर बंद

कल की गिरावट के बाद गुरुवार को भी बाजार में बिकवाली का दबाव कायम रहा. शुरुआती हल्की बढ़त को गंवाते हुए बाजार दिनभर निचले स्तरों पर कारोबार करता नजर आया.
शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स करीब 380 प्वॉइंट टूटा, निफ्टी 120 अंक गिरकर बंद

वीकली एक्सपायरी के दिन बैंक निफ्टी में भी दबाव नजर आया. (फाइल फोटो)

कल की गिरावट के बाद गुरुवार को भी बाजार में बिकवाली का दबाव कायम रहा. शुरुआती हल्की बढ़त को गंवाते हुए बाजार दिनभर निचले स्तरों पर कारोबार करता नजर आया. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 380 अंक टूटा. वहीं, निफ्टी 120 अंक गिरकर 10700 के नीचे फिसल गया. वीकली एक्सपायरी के दिन बैंक निफ्टी में भी दबाव नजर आया और 200 अंको ंकी जोरदार गिरावट के साथ बंद हुआ. मिडकैप शेयरों में भी बिकवाली का दबाव साफ नजर आया और 125 अंक की गिरावट देखने को मिली.

कारोबार के अंत में बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 377.81 अंक यानि 1.05 फीसदी की गिरावट के साथ 35513.71 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई का 50 शेयरों प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 120.25 अंक यानि 1.1 फीसदी की गिरावट के साथ 10672.25 के स्तर पर बंद हुआ.

देना और विजया बैंक की जोरदार पिटाई
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा पिटाई दो शेयरों की हुई. इनमें देना और विजया बैंक शामिल थे. दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा के पक्ष में स्वैप रेश्यो होने से इन दोनों बैंकों के शेयर में गिरावट देखने को मिली. देना बैंक करीब 18.5 फीसदी टूटा. वहीं, विजया बैंक में भी 5.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली. हालांकि, बैंक ऑफ बड़ौदा में 1.75 फीसदी की तेजी देखने को मिली.

Add Zee Business as a Preferred Source

क्रूड की तेजी से गिरा तेल कंपनियों के शेयर
उधर, क्रूड में आई तेजी से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी बिकवाली का दबाव रहा. HPCL सबसे ज्यादा 3 फीसदी टूटा. वहीं, BPCL में 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली. IOC में भी करीब 3 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली. कच्चे तेल की कीमतों का असर एक और सेक्टर पर देखने को मिला. एविएशन सेक्टर में भी दिनभर बिकवाली का दबाव रहा. जेट एयरवेज 4.75 फीसदी टूटा. वहीं, स्पाइसजेट में 2.75 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

टेलीकॉम सेक्टर भी घबराया
अक्टूबर में सब्सक्राइबर कम होने की वजह से वोडाफोन-आइडिया और भारती एयरटेल के शेयरों में भी दबाव देखने को मिला. वोडाफोन आइडिया 2.75 फीसदी टूटा, जबकि भारती एयरटेल 1.25 फीसदी कमजोर हुआ है. अक्टूबर में एयरटेल ने 18 लाख ग्राहक गंवाए हैं, जबकि वोडाफोन आइडिया ने इस दौरान 74 लाख सब्सक्राइबर्स गंवाए हैं.

किसमें गिरावट, कौन चढ़ा
आयशर मोटर्स, HPCL, इंडियाबुल्स हाउसिंग और IOC में आज सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली. वहीं, भारती इंफ्रा, बजाज ऑटो, एशियन पेंट्स और HUL में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6