&format=webp&quality=medium)
शेयर बाजार नियामक SEBI ने निवेशकों को सोशल मीडिया पर फैल रहे फर्जी निवेश सलाहकारों से बचाने के लिए बड़ा अभियान चलाया है. SEBI के पूर्णकालिक सदस्य (WTM) अनंत नारायण ने बताया कि अक्टूबर 2024 से अब तक 70,000 से ज्यादा फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स और पोस्ट हटाए जा चुके हैं जो गलत निवेश सलाह देकर लोगों को गुमराह कर रहे थे. SEBI ने सोशल मीडिया कंपनियों के साथ मिलकर ऐसे कई चैनलों और अकाउंट्स को बंद करवाया है. CFA की रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 2% फिनइन्फ्लुएंसर SEBI-रजिस्टर्ड हैं.
आपको बता दें कि हाल के दिनों में Telegram, WhatsApp और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर कई लोग खुद को निवेश एक्सपर्ट बताकर झूठे स्टॉक टिप्स, गारंटीड रिटर्न और अन्य लुभावने वादे करके निवेशकों से पैसे ऐंठ रहे हैं. SEBI के पास लगातार शिकायतें आ रही थीं कि इन अनधिकृत सलाहकारों के कारण लोगों को भारी नुकसान हो रहा है. इस बीच, CFA इंस्टीट्यूट की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, केवल 2% फिनइन्फ्लुएंसर ही SEBI में रजिस्टर्ड हैं, लेकिन 33% सोशल मीडिया पर स्टॉक्स की सिफारिश करते पाए गए, जो निवेशकों के लिए बहुत खतरनाक है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 63% फिनइन्फ्लुएंसर अपनी स्पॉन्सरशिप या वित्तीय संबद्धता के बारे में सही जानकारी नहीं देते, जिससे निवेशकों को पता ही नहीं चलता कि उनकी सलाह के पीछे कोई छिपा हुआ स्वार्थ तो नहीं है. रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि 8% निवेशक फिनइन्फ्लुएंसर्स की सलाह के कारण धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं. हैरानी की बात यह है कि 26-30 साल के निवेशक फिनइन्फ्लुएंसर्स के फॉलोअर्स की संख्या देखकर ही उन पर भरोसा कर लेते हैं.
SEBI ने इस समस्या से निपटने के लिए एक नया तरीका निकाला है - "PayRight" UPI हैंडल. अब SEBI से रजिस्टर्ड निवेश सलाहकारों को एक खास "PayRight" UPI ID मिलेगी. निवेशकों को सलाह दी जाएगी कि वे सिर्फ इसी PayRight हैंडल के ज़रिए ही भुगतान करें. इससे यह पक्का हो जाएगा कि वे किसी फर्जी सलाहकार के झांसे में नहीं आ रहे हैं. सिर्फ रजिस्टर्ड IA/RA को मिलेगा PayRight हैंडल. PayRight से फर्जी सलाहकारों की पहचान आसान होगी. निवेशकों के लिए सुरक्षित भुगतान का तरीका है.
SEBI ने साफ तौर पर कहा है कि निवेशकों को सिर्फ रजिस्टर्ड निवेश सलाहकारों से ही सलाह लेनी चाहिए और जिन फिनइन्फ्लुएंसर्स को वे फॉलो करते हैं, उनकी SEBI रजिस्ट्रेशन की जांच जरूर करनी चाहिए.