ईरान और अमेरिका (Iran US tension) के बीच फौजी तनाव से सोने और चांदी (Gold & Silver) की कीमत में भी जोरदार तेजी आई है. विदेशी बाजार से मिले मजबूत संकेतों से भारतीय वायदा (Commodity) बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव नई उंचाई पर पहुंच गया. वहीं, विदेशी बाजार में सोने का भाव 4 महीने के ऊंचे स्तर पर चला गया है. डॉलर में आई कमजोरी और चीन में नए साल की शुरुआत से पहले की खरीदारी को लेकर बुलियन की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है.
1/6एंजेल ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसीडेंट (एनर्जी व करेंसी रिसर्च) अनुज गुप्ता ने बताया कि सोना में निवेशकों को एक साल के दौरान जबरदस्त रिटर्न दिया है. भारत में यह 23.77 फीसदी, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 18.28 फीसदी का रिटर्न मिला है. इसलिए पीली धातु में निवेश के प्रति निवेशकों का रुझान बना हुआ है.
2/6भारतीय वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पूर्वाह्न् 11.56 बजे सोने के फरवरी एक्सपायरी कॉन्ट्रैक्ट में पिछले सत्र के मुकाबले 588 रुपये यानी 1.50 फीसदी की तेजी के साथ 39,865 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार चल रहा था, जबकि कारोबार के दौरान सोने का भाव MCX पर 39,920 रुपये प्रति 10 ग्राम तक उछला, जोकि अब तक का रिकॉर्ड स्तर है. इससे पहले सोने का भाव 4 सितंबर, 2019 को 39,885 रुपये प्रति 10 ग्राम तक उछला था.
3/6कमोडिटी बाजार विशेषज्ञ बताते हैं कि सोना MCX पर जल्द ही 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को तोड़ सकता है. एमसीएक्स पर Silver के मार्च एक्सपायरी कॉन्ट्रैक्ट में पिछले सत्र के मुकाबले 693 रुपये यानी 1.47 फीसदी की तेजी के साथ 47,715 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार चल रहा था, जबकि कारोबार के दौरान चांदी का भाव 47,844 रुपये तक उछला.
4/6वहीं, अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स पर सोने के फरवरी अनुबंध में 16.75 डॉलर यानी 1.10 फीसदी की तेजी के साथ 1,544.85 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार चल रहा था, जबकि कारोबार के दौरान सोने का भाव कॉमेक्स पर 1,546.45 डॉलर प्रति औंस तक उछला, जोकि चार सितंबर, 2019 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. चार सिंतबर, 2019 को कॉमेक्स पर सोने का भाव 1,566.20 डॉलर तक उछलने के बाद 1,560.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था.
5/6कॉमेक्स पर चांदी के मार्च अनुबंध में शुक्रवार को 1.09 फीसदी की तेजी के साथ 18.24 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार चल रहा था. केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि सोना-चांदी के दाम में आई मौजूदा तेजी की वजह भूराजनीतिक तनाव है, लेकिन चीन में इस महीने 25 जनवरी से नये साल का उत्सव शुरू हो रहा है, जिसकी खरीदारी से भी सोने के दाम को सपोर्ट मिल रहा है. वहीं, डॉलर में आई कमजोरी से भी बुलियन में निवेश मांग बनी हुई है.
6/6दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत का सूचक डॉलर इंडेक्स बीते एक महीने से सुस्त रहा है और इस दौरान डॉलर इंडेक्स में एक फीसदी से ज्यादा की कमजोरी रही है. डॉलर इंडेक्स पिछले सत्र से हल्की कमजोरी के साथ 96.48 पर बना हुआ था.