&format=webp&quality=medium)
MCX ने लॉन्च किया सिल्वर 100 फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट, जानें क्या है खास? (फोटो - AI)
देश के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया) ने अपने बुलियन प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए नया ‘Silver 100’ फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट लॉन्च कर दिया है. इस नए कॉन्ट्रैक्ट का उद्देश्य ज्वेलर्स, छोटे कारोबारियों (SMEs) और रिटेल निवेशकों को कम पूंजी में सिल्वर ट्रेडिंग और हेजिंग का विकल्प देना है.
अब तक सिल्वर ट्रेडिंग में अपेक्षाकृत बड़े कॉन्ट्रैक्ट साइज होने के कारण छोटे निवेशकों और छोटे कारोबारियों की भागीदारी सीमित रहती थी. ऐसे में MCX का नया प्रोडक्ट बाजार में अधिक भागीदारी और बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
Silver 100 फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट को छोटे आकार में डिजाइन किया गया है ताकि निवेशक और कारोबारी अपनी जरूरत के हिसाब से कम मात्रा में निवेश या हेजिंग कर सकें. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कारोबारियों को बड़ी रकम ब्लॉक नहीं करनी पड़ेगी और वे अपने वास्तविक बिजनेस जरूरतों के मुताबिक खरीदारी और डिलीवरी ले सकेंगे.

कंपनी के मुताबिक यह कॉन्ट्रैक्ट खास तौर पर उन ज्वेलरी कारोबारियों के लिए उपयोगी होगा जो अपने स्टॉक और इन्वेंट्री के आधार पर सिल्वर खरीदते हैं और कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं.
MCX ने इस कॉन्ट्रैक्ट में फिजिकल डिलीवरी की सुविधा भी दी है. एक्सचेंज के मुताबिक डिलीवरी प्रक्रिया को सरल बनाया गया है ताकि निवेशकों और कारोबारियों को किसी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े. इसके तहत ग्राहकों को पारदर्शी मेकिंग चार्ज, क्वालिटी सुनिश्चित प्रोडक्ट और आसान डिलीवरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इससे बाजार में भरोसा बढ़ने की उम्मीद है.
MCX ने हाल ही में सिल्वर के लिए गुड डिलीवरी नॉर्म्स में भी बदलाव किया है और घरेलू सिल्वर रिफाइनर्स को पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन बुलाए हैं.
इस पहल का उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना और देश में सिल्वर रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है. इससे घरेलू सप्लाई चेन मजबूत हो सकती है और स्थानीय उद्योग को फायदा मिल सकता है.
MCX पहले से ही सिल्वर डेरिवेटिव्स कारोबार में मजबूत स्थिति रखता है. एक्सचेंज के पास पहले से 30 किलोग्राम, 5 किलोग्राम और 1 किलोग्राम सिल्वर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट मौजूद हैं, जबकि ऑप्शंस सेगमेंट में भी कई विकल्प उपलब्ध हैं.
MCX की प्रबंध निदेशक और सीईओ प्रवीणा राय ने कहा कि नया Silver 100 फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट भारत के सिल्वर उद्योग से जुड़े कारोबारियों को कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाने में मदद करेगा. साथ ही रिटेल निवेशकों को भी नियंत्रित और रेगुलेटेड प्लेटफॉर्म पर छोटे निवेश के जरिए सिल्वर में भागीदारी का अवसर मिलेगा. इस कॉन्ट्रैक्ट की क्लियरिंग और सेटलमेंट MCXCCL के जरिए की जाएगी.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)