टाटा ग्रुप की इस कंपनी का 22 सितंबर को आएगा आईपीओ, किसी भी निवेश से पहले समझ लें इन पैसों का क्या करेगी कंपनी?

टाटा कैपिटल 22 सितंबर के हफ्ते में 17,200 करोड़ रुपए का आईपीओ लाने जा रही है. इसमें टाटा संस और IFC भी हिस्सेदारी बेचेंगे. जुटाई गई राशि से कंपनी अपनी पूंजी मजबूत करेगी. सितंबर अंत तक शेयर बाजार में लिस्टिंग संभव है.
टाटा ग्रुप की इस कंपनी का 22 सितंबर को आएगा आईपीओ, किसी भी निवेश से पहले समझ लें इन पैसों का क्या करेगी कंपनी?

नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) टाटा कैपिटल अपना आईपीओ 22 सितंबर के हफ्ते में लेकर आ रही है. यह 17,200 करोड़ रुपए का आईपीओ भारत के फाइनेंस सेक्टर का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है. बाजार सूत्रों के मुताबिक, कंपनी का वैल्यूएशन इस इश्यू के जरिए करीब 11 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है.

सितंबर के अंत तक होगी लिस्टिंग

टाटा कैपिटल का शेयर बाजार में लिस्टिंग 30 सितंबर तक हो सकती है. अगस्त में कंपनी ने मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था. इसके अनुसार, 47.58 करोड़ शेयर इस इश्यू में पेश किए जाएंगे, जिसमें 21 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 26.58 करोड़ शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल होगी.

Add Zee Business as a Preferred Source

कौन बेच रहा है शेयर?

OFS के तहत, टाटा संस अपनी 23 करोड़ इक्विटी शेयरों की हिस्सेदारी बेचेगी. वहीं, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IFC) 3.58 करोड़ शेयर बेचने वाली है. वर्तमान में टाटा कैपिटल में टाटा संस की 88.6% हिस्सेदारी है, जबकि IFC के पास 1.8% हिस्सेदारी है.

जुटाई गई राशि का इस्तेमाल

आईपीओ से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कंपनी अपनी टियर-1 कैपिटल को मजबूत करने के लिए करेगी. इसके अलावा, राशि का उपयोग आगे की उधारी और भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में होगा. इससे कंपनी की वित्तीय सेहत और मजबूत हो जाएगी. यानी कंपनी इन पैसों से अपने ग्रोथ प्लान पर काम करना चाहती है.

निवेशकों के लिए बड़ा मौका

टाटा कैपिटल का यह आईपीओ इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह पिछले कुछ वर्षों में टाटा समूह की ओर से आने वाला दूसरा बड़ा आईपीओ है. इससे पहले नवंबर 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज का आईपीओ आया था, जिसने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया था. अब बाजार की नजर इस इश्यू पर है.

FAQs

Q1. टाटा कैपिटल का आईपीओ कब आ रहा है?
22 सितंबर के हफ्ते में.

Q2. आईपीओ का साइज कितना है?
करीब 17,200 करोड़ रुपए.

Q3. कौन हिस्सेदारी बेच रहा है?
टाटा संस और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IFC).

Q4. जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कहां होगा?
टियर-1 कैपिटल मजबूत करने और भविष्य की पूंजी जरूरतों के लिए.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)