&format=webp&quality=medium)
Patel Retail IPO Listing: आईपीओ बाजार में आज पटेल रिटेल ने शानदार लिस्टिंग की है. 17 फीसदी के प्रीमियम पर कंपनी BSE/NSE पर लिस्ट हुई है. पटेल रिटेल का शेयर बीएसई पर शानदार लिस्टिंग के साथ करीब 305 रुपये पर खुला, जबकि इश्यू प्राइस 255 रुपये तय था. यानी निवेशकों को पहले ही दिन मजबूत रिटर्न मिला. मार्केट गुरु अनिल सिंघवी ने लिस्टिंग से पहले ही अनुमान जताया था कि शेयर 290 से 305 रुपये के दायरे में खुल सकता है. उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि स्टॉक में बने रहने के लिए 275 रुपये के नीचे स्टॉपलॉस रखें और मुनाफे के साथ चलते हुए ट्रेलिंग स्टॉपलॉस का इस्तेमाल करें.
पटेल रिटेल लिमिटेड का आईपीओ निवेशकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ है. बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक 237 से 255 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड वाले इस 242.76 करोड़ रुपये के इश्यू को 95.70 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला. कंपनी को 74.79 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि उपलब्ध शेयरों की संख्या सिर्फ 78.15 लाख थी. इस जोरदार डिमांड से निवेशकों का भरोसा साफ झलकता है.
चित्तौड़गढ़ वेबसाइट के अनुसार, पटेल रिटेल आईपीओ का अंतिम ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 52 रुपये रहा. 255 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के साथ, इसका अनुमानित लिस्टिंग प्राइस करीब 307 रुपये बनता है. यानी निवेशकों को प्रति शेयर लगभग 20.39% का संभावित लाभ मिल सकता है.
कंपनी की वित्तीय स्थिति भी स्थिर रही है. 31 मार्च 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच पटेल रिटेल के रेवेन्यू में 1% और PAT (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) में 12% की वृद्धि दर्ज हुई. मौजूदा आईपीओ के हिसाब से कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 851.71 करोड़ रुपये है.
इस इश्यू का प्राइस बैंड 237 से 255 रुपये तय किया गया है. रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन 58 शेयरों का लॉट है, यानी 13,746 रुपये का निवेश. वहीं sNII कैटेगरी के लिए 812 शेयर (14 लॉट) और bNII कैटेगरी के लिए 3,944 शेयर (68 लॉट) की बोली लगानी होगी. इश्यू के लिए फेडेक्स सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है और बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी निभा रहा है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)