&format=webp&quality=medium)
Mobikwik IPO Subscription: वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी वन मोबिक्विक सिस्टम्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को पेशकश के पहले दिन ही 7.3 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है. गुरुग्राम स्थित कंपनी का यह आईपीओ लाने का दूसरा प्रयास है. इससे पहले कंपनी ने जुलाई, 2021 में आईपीओ लाने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रतिकूल बाजार स्थितियों के कारण उसने अपनी आईपीओ योजना को स्थगित कर दिया था और दस्तावेजों का मसौदा वापस ले लिया था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शेयर बिक्री के लिए पेश 1,18,71,696 शेयरों के मुकाबले 8,68,26,031 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं. रिटेल व्यक्तिगत निवेशकों (RII) के हिस्से को 26.71 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की श्रेणी को 8.97 गुना सब्सक्रिप्श मिला है. पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के कोटा को मात्र दो प्रतिशत सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ है.
मोबिक्विक ने अपने आईपीओ का आकार 2021 के 1,900 करोड़ रुपये से घटाकर इस साल जनवरी में 700 करोड़ रुपये और अब 572 करोड़ रुपये कर दिया है. मोबिक्विक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ बिपिन प्रीत सिंह ने आईपीओ के आकार में कटौती के पीछे बेहतर वित्तीय प्रदर्शन और रणनीतिक समायोजन का हवाला दिया, जो वर्तमान बाजार स्थितियों के आधार पर अधिक यथार्थवादी मूल्यांकन को दर्शाता है.
मंगलवार को वन मोबिक्विक सिस्टम्स ने एंकर (बड़े) निवेशकों से 257 करोड़ रुपये जुटाए हैं. कंपनी का 572 करोड़ रुपये का आईपीओ 13 दिसंबर को बंद होगा. आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 265 से 279 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. यह आईपीओ पूरी तरह से 572 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का नया इश्यू है और इसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं है.