&format=webp&quality=medium)
NSE IPO: देश के बड़े स्टॉक एक्सचेंज NSE (National Stock Exchange) के बहु-प्रतीक्षित IPO (Initial Public Offer) को लेकर ताजा अपडेट आया है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि SEBI की हाई पावर्ड कमिटी में NSE सेटलमेंट का मामला नहीं है और SEBI अगले 1-2 महीने में IPO को NOC दे सकती है.
दरअसल, इस हफ्ते SEBI की हाई पावर्ड कमिटी की बैठक होगी. कमिटी के पास सेटलमेंट अमाउंट के साथ मामला नहीं पहुंचा. SEBI के मुताबिक IPO के लिए NOC में देरी नहीं होगी. बैंकों और इंश्योरेंस कंपनियों की भी NSE का IPO लाने की सिफारिश है. ऐसे में आईपीओ का प्रोसेस और तेजी से आगे बढ़ सकता है.
आईपीओ से पहले अनलिस्टेड मार्केट में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के शेयरों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है, जिससे कंपनी में रिटेल निवेशकों की संख्या बढ़कर 1.46 लाख हो गई है, जो कि किसी अन्य अनलिस्टेड कंपनी की अपेक्षा काफी अधिक है. NSE के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपोओ) को लेकर चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं और जल्द ही इसका पब्लिक इश्यू आने की संभावना है.
बड़ी बात यह है कि एक्सचेंज के शेयरों की कीमतों में बड़ी वृद्धि के बावजूद खुदरा निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है. इन 1.46 लाख निवेशकों के पास मौजूद NSE के शेयरों का मूल्य 2 लाख रुपए से कम है. पिछली तिमाही यह आंकड़ा 33,896 रिटेल निवेशकों का था, जो कि चार गुना की वृद्धि है. NSE की वेबसाइट के मुताबिक, वर्तमान में 343 निवेशकों के पास ही 2 लाख रुपए से अधिक मूल्य के शेयर है. पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 354 था.
NSE के 2 लाख रुपए से ज्यादा शेयर रखने वाले निवेशकों के पास अब कुल शेयर आपूर्ति का 11.81 प्रतिशत हिस्सा है. यह प्रतिशत पिछली तिमाही के 9.89 प्रतिशत से अधिक है. वहीं, जिन निवेशकों के पास 2 लाख रुपए से कम मूल्य के शेयर थे, उनकी कुल हिस्सेदारी में मामूली गिरावट देखी गई और यह 9.84 प्रतिशत (23.86 करोड़ शेयर) से घटकर 9.52 प्रतिशत (23.56 करोड़ शेयर) हो गई. रिटेल निवेशकों की अधिक भागीदारी में इस उछाल ने NSE के समग्र निवेशक आधार का तेजी से विस्तार किया है.
रिटेल निवेशकों की अधिक मांग के कारण, NSE के गैर-सूचीबद्ध शेयर की कीमत 36 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2,225 रुपए प्रति शेयर हो गई, जो कि अप्रैल 2025 में 1,650 रुपए थी. अनलिस्टेड मार्केट में वर्तमान शेयर मूल्य पर NSE का पूंजीकरण 5.7 लाख करोड़ है. अगर कंपनी लिस्टेड होती, तो इसका मार्केट कैप निफ्टी 50 में 8वें या 9वें स्थान पर होता.
(IANS हिंदी से इनपुट के साथ)