&format=webp&quality=medium)
NSE IPO: देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज NSE (National Stock Exchange) के IPO की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से आगे बढ़ती नजर आ रही है. NSE की IPO कमिटी ने ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज फर्म Rothschild & Co को इंडिपेंडेंट एडवाइजर नियुक्त किया है.
NSE के आधिकारिक बयान के मुताबिक, IPO कमिटी ने तकनीकी और व्यावसायिक प्रस्तावों के आधार पर कई एजेंसियों से चर्चा के बाद Rothschild को चुना है. कंपनी के अनुसार, इंडिपेंडेंट एडवाइजर की भूमिका IPO प्रक्रिया को पारदर्शी और मजबूत गवर्नेंस फ्रेमवर्क के तहत संचालित करना होगा.
NSE ने साफ किया है कि IPO प्रक्रिया को पूरी तरह से गवर्नेंस-ड्रिवन और पारदर्शी बनाया जाएगा.
इससे पहले पिछले हफ्ते ही NSE बोर्ड ने IPO को मंजूरी दे दी थी. IPO OFS (Offer For Sale) के जरिए लाया जाएगा. इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं होगा. बोर्ड ने IPO कमिटी के गठन को भी मंजूरी दी है. NSE की लिस्टिंग एक से ज्यादा एक्सचेंज पर भी हो सकती है. ज़ी बिज़नेस के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी से एक्सक्लूसिव बातचीत में NSE के MD & CEO आशीष चौहान ने कहा था कि दिवाली के आसपास IPO आने की उम्मीद है.
Rothschild & Co एक प्रमुख ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप है. कंपनी के 40 से ज्यादा देशों में 60 से अधिक ऑफिस हैं और यह बड़े अंतरराष्ट्रीय IPO, M&A और कैपिटल मार्केट ट्रांजैक्शंस में सलाह देने के लिए जानी जाती है.
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (Q3) में NSE का नेट प्रॉफिट (शुद्ध मुनाफा) 2,408 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी तिमाही में यह काफी ज्यादा था, यानी सालाना आधार पर इसमें 37% की भारी गिरावट आई है. एक्सचेंज की कुल कमाई (Total Income) भी 9% गिरकर 4,395 करोड़ रुपये रह गई है. अगर हम ऑपरेशनल प्रॉफिट (EBITDA) की बात करें, तो वहां भी 16% की सुस्ती दिखी है. एक्सचेंज की ट्रांजैक्शन से होने वाली कमाई में 12% की गिरावट आई है, हालांकि, सितंबर तिमाही के मुकाबले इसमें 9% की बढ़ोतरी हुई है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)