अमेरिकी शटडाउन के बीच सोना-चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार, पहुंचें रिकॉर्ड ऊंचाई पर

अमेरिकी शटडाउन के बीच सोना और चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं. फेड की संभावित ब्याज दर कटौती से निवेशक जमकर खरीददारी कर रहे हैं. जानिए क्या हैं मौजूदा दाम और एक्सपर्ट्स का आगे का अनुमान.
अमेरिकी शटडाउन के बीच सोना-चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार, पहुंचें रिकॉर्ड ऊंचाई पर

अमेरिकी शटडाउन और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं के बीच सोने और चांदी की कीमतें आसमान छू रही हैं. निवेशकों की लगातार खरीददारी से दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. जानकारों का मानना ​​है कि ये तेजी अभी और जारी रह सकती है, जिससे निवेशकों को बंपर रिटर्न मिलने की उम्मीद है.

सोने की चमक, निवेशकों की रौनक

सोमवार को सोने की कीमतें 3,900 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गईं, जो एक नया रिकॉर्ड है. निवेशकों को लग रहा है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ही ब्याज दरों में कटौती करेगा, जिससे सोने की मांग में और उछाल आएगा. खबर लिखे जाने तक, कॉमेक्स पर सोना 1.22% बढ़कर 3,956.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. ये दिन के उच्चतम स्तर 3,969 डॉलर प्रति औंस के करीब है.

भारतीय बाजार में भी सोने का दम

भारतीय बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने की कीमतें 1.20 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गई हैं. 5 दिसंबर 2025 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 1.25% बढ़कर 1,19,595 रुपए हो गया है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत पिछले हफ्ते 3,692 रुपए बढ़कर 1,16,954 रुपए हो गई, जो पहले 1,13,262 रुपए थी.

चांदी भी पीछे नहीं, दिखा रही जलवा

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार इजाफा देखने को मिल रहा है. कॉमेक्स पर चांदी 0.68% बढ़कर 48.29 डॉलर प्रति औंस पर है. इसका दिन का उच्चतम स्तर 48.49 डॉलर प्रति औंस रहा है.

MCX पर चांदी का बढ़ता भाव

MCX पर चांदी के 5 दिसंबर 2025 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.98% बढ़कर 1,47,176 रुपए हो गया है. IBJA के अनुसार, पिछले एक हफ्ते में चांदी की कीमत 7,510 रुपए बढ़कर 1,45,610 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है, जो पहले 1,38,100 रुपए प्रति किलोग्राम थी.

इस साल बंपर रिटर्न, आगे भी तेजी के आसार

इस साल की शुरुआत से अब तक सोने ने 50% से अधिक और चांदी ने करीब 70% का शानदार रिटर्न दिया है. दुनिया के बड़े निवेश बैंकों में से एक गोल्डमैन सैश का अनुमान है कि अगले साल तक सोना 5,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है. ये मौजूदा 3,900 डॉलर प्रति औंस से काफी अधिक है, जो निवेशकों के लिए बड़ी खबर है.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6