&format=webp&quality=medium)
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड (Gold) 570 रुपये चमककर 41,670 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. (Dna)
दो दिन बाद सोने और चांदी के दाम में बढ़ोतरी हुई है. शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड (Gold) 570 रुपये चमककर 41,670 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 41,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. आठ ग्राम वाली गिन्नी 200 रुपये चमककर 31,000 रुपये के भाव पर रही.
चांदी (Silver) में भी तेजी रही. चांदी हाजिर 175 रुपये की मजबूती के साथ 48,025 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी. चांदी वायदा 290 रुपये की बढ़त लेकर 46,911 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी. सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 980 रुपये और 990 रुपये प्रति इकाई पर स्थिर रहे.
लंदन और न्यूयार्क में सोना हाजिर बढ़त लेकर 1,562.04 डॉलर प्रति औंस पर रहा. फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 7.10 डॉलर की तेजी लेकर 1,558.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया. बाजार विश्लेषकों ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से डॉलर की मजबूती के कारण पीली धातु में तेजी आयी है. अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर बढ़त लेकर फिर से 18 डॉलर के पार 18.09 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी.
आपको बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी से वैश्विक बाजार में पैदा हुई अनिश्चतता के बीच निवेश के सबसे सुरक्षित साधन सोने में काफी निखार आया है. खाड़ी क्षेत्र में फौजी तनाव पैदा होने के बाद इस हफ्ते की शुरुआत में भारत के वायदा बाजार में दो दिन में सोने के भाव में 1,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा का उछाल आया जबकि हाजिर बाजार में पीली धातु 42 हजारी बन गई है.
देश के वायदा और हाजिर बाजार में सोमवार को सोने का भाव रिकॉर्ड नई बुलंदियों पर चला गया. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 2013 के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर है.
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर गुरुवार को सोने का भाव 39,277 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था जो सोमवार को 41,096 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चला गया. इस प्रकार लगातार दो सत्रों में एमसीएक्स पर सोने में 1,819 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया.
हाजिर की बात करें तो गुरुवार को भारतीय सर्राफा बाजार में 999 शुद्धता के सोने का भाव 39,215 रुपये प्रति 10 ग्राम था जोकि सोमवार को 40,842 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. वहीं, जीएसटी के साथ सोने का भाव सोमवार को 42,067 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.