&format=webp&quality=medium)
Gold Rate Today: सोने-चांदी की कीमतों में हर रोज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. आज सोने की कीमतों ने MCX पर हाई बना दिया. जो 91,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था. अभी यह 365 रुपए की तेजी के साथ 90868 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. यही हाल चांदी का भी है. सिल्वर भी 485 रुपए महंगा होकर 99,946 पर ट्रेड कर रहा है. गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में आई इस तेजी के पीछे इंटरनेशल बाजार में जारी हलचल है.
अमेरिकी बाजारों में कल भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. डाओ जोंस 470 अंकों की रिकवरी के बावजूद 11 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ. वहीं, नैस्डैक में लगातार चार दिन की गिरावट के बाद 150 अंकों की मजबूती दर्ज की गई, जिससे यह सात महीने के निचले स्तर से उबरने में सफल रहा. GIFT निफ्टी भी 23,300 के पास सपाट नजर आ रहा है, जबकि डाओ फ्यूचर्स 50 अंक नीचे और निक्केई 100 अंकों की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है.कमोडिटी बाजार में भी हलचल जारी है. सोना 3,150 डॉलर के पास सपाट बना हुआ है, जबकि चांदी लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ 34 डॉलर के करीब पहुंच गई है. वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और अमेरिकी टैरिफ नीतियों के संभावित असर से धातु बाजार में और अधिक अस्थिरता देखी जा सकती है.
दिल्ली में सोने की कीमतों में 2,000 रुपए की तेजी आई और यह 94,150 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए उच्चस्तर पर पहुंच गया. यह सोने में दो माह में एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है. अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है. शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 92,150 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. विश्लेषकों ने कहा कि शेयर बाजारों में गिरावट के बीच वैकल्पिक निवेश की मजबूत मांग के कारण विदेशी बाजारों में सोने में तेजी के कारण कारोबारी धारणा मजबूत रही. लगातार चौथे दिन मजबूती के साथ 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,000 रुपए की तेजी के साथ 93,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो इसका अबतक का सर्वकालिक उच्चस्तर है. इससे पहले सोने का भाव 91,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.