&format=webp&quality=medium)
Gold Price Today: गुरुवार (31 जुलाई) को सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली क्योंकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने जुलाई की बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला किया. साथ ही मजबूत अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों ने इस साल ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं को और कम कर दिया है.
इंटरनेशनल मार्केट के हालात देखें तो स्पॉट गोल्ड 0.7% गिरकर $3,301.82 प्रति औंस पर आ गया. यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 0.9% लुढ़ककर $3,352.3 पर बंद हुआ. फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को 4.25% से 4.5% के दायरे में यथावत रखा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कटौती की अपील के बावजूद फेड ने सख्ती बरती.
भारत में एमसीएक्स पर सोने में मामूली गिरावट आई है, जबकि चांदी की कीमतों में एक दिन में ₹1,200 से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. अगर घरेलू वायदा बाजार की बात करें तो MCX पर गोल्ड सुबह 10:20 के आसपास 48 रुपये की गिरावट के साथ 98,019 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था. इसकी ओपनिंग हल्की बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन फिर वहां से ये फिसल गया. कल सोना 98,067 रुपये के भाव पर बंद हुआ था. इस दौरान चांदी 1,264 रुपये की गिरावट के साथ 1,11,600 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रही थी. ओपनिंग के बाद चांदी वायदा 1,12,108 के इंट्राडे लो पर गया था. कल ये 1,12,864 रुपये पर बंद हुई थी.
ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कमजोर हुईं, जिससे गैर-ब्याजधारी संपत्ति जैसे सोना कम आकर्षक हो गया. आर्थिक मजबूती से डॉलर में तेजी और बांड यील्ड में उछाल आया, जिससे सोने पर दबाव बना. निवेशक अब फेड के अगले रुख का इंतजार कर रहे हैं, जिससे शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबी अवधि के निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं, गिरावट पर खरीदारी का मौका माना जा सकता है. शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स को वोलैटिलिटी का ध्यान रखते हुए स्ट्रिक्ट स्टॉपलॉस के साथ ट्रेडिंग करनी चाहिए. ट्रेड डील का संकट, फेड की पॉलिसी और वैश्विक आर्थिक संकेतकों के चलते आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.