&format=webp&quality=medium)
स्थानीय वायदा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 89 रुपये की गिरावट के साथ 46,189 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. (ians)
Gold price today 21 september 2021: इंटरनेशनल मार्केट में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में कमजोर रुख और रुपये के मूल्य में सुधार होने से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना (Gold price today) 3 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 45,258 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा. पीटीआई की खबर के मुताबिक, एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी. इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45,261 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. दूसरी ओर, चांदी की कीमत (Silver price latest update) भी 40 रुपये की तेजी के साथ 58,750 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. पिछले कारोबारी सत्र में यह 58,710 रुपये प्रति किलो रही थी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना
खबर के मुताबिक, विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार सुबह के कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य 15 पैसे बढ़कर 73.59 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया था. आखिर में यह 13 पैसे सुधरकर 73.61 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली गिरावट के साथ 1,761 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी (Sliver price) 22.42 डॉलर प्रति औंस पर करीब अपरिवर्तित रही.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि दो दिवसीय अमेरिकी एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की मीटिंग मंगलवार से शुरू हो रही है. निवेशकों को बॉन्ड खरीद कार्यक्रम को लेकर फेडरल रिजर्व के रुख का इंतजार है.
हाजिर मांग से चांदी वायदा कीमतों में तेजी
मजबूत हाजिर मांग के चलते कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी की कीमत 296 रुपये की तेजी के साथ 59,905 रुपये प्रति किलो हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में चांदी के दिसंबर डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 296 रुपये यानी 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,905 रुपये प्रति किलो हो गया. इस वायदा अनुबंध में 13,719 लॉट के लिये सौदे किए गए. बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी के रुख को देखते हुए कारोबारियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे चांदी वायदा कीमत में तेजी आई. वैश्विक स्तर पर, न्यूयार्क में चांदी का भाव 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 22.37 डालर प्रति औंस हो गया.
Zee Business Hindi Live यहां देखें
कमजोर मांग से सोना वायदा कीमतों में गिरावट
कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे स्थानीय वायदा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 89 रुपये की गिरावट के साथ 46,189 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर महीने की डिलिवरी के लिए सोने की कीमत 89 रुपये यानी 0.19 प्रतिशत की हानि के साथ 46,189 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. इसमें 7,915 लॉट के लिए कारोबार हुआ. बाजार विश्लेषकों ने सोना वायदा कीमतों में गिरावट आने के चलते कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने बताया. हालांकि, वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोने की कीमत 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,765.40 डॉलर प्रति औंस हो गई.