&format=webp&quality=medium)
विदेशों में नरमी के रुख के बावजूद गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्थिर रहा. (फाइल फोटो)
विदेशों में नरमी के रुख के बावजूद छिटपुट सौंदों में गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 33,210 रुपए प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा. बुधवार के कारोबारी सत्र में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली थी. बुधवार के कारोबार खत्म होने पर सोना 115 रुपए की गिरावट के साथ 33,210 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था. वहीं, उठाव घटने से चांदी 210 रुपए घटकर 39,950 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई. अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है.
वैश्विक बाजार में टूटा सोना
बाजार सूत्रों के अनुसार स्थानीय हाजिर बाजार में औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की कमजोर मांग से चांदी में गिरावट रही. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.09 प्रतिशत की हानि के साथ 1,282.10 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 0.33 प्रतिशत घटकर 15.33 डॉलर प्रति ट्राय औंस बोली गई.
चांदी की कीमत 210 रुपए घटी
राष्ट्रीय राजधानी में चांदी तैयार का भाव 210 रुपए घटकर 39,950 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 993 रुपए घटकर 38,994 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई. हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 77 हजार रुपए और 78 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर पूर्ववत बोले गए.
सोने की नहीं बदली कीमतें
दूसरी ओर कमजोर कारोबार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 33,210 रुपए और 33,060 रुपए प्रति 10 ग्राम पर अपरिवर्तित रहा. बुधवार को सोने में 115 रुपये की गिरावट आई थी. आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 25,500 रुपए पर स्थिर बना रहा.
(भाषा)