&format=webp&quality=medium)
दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को 10 ग्राम सोने का दाम 422 रुपए चढ़ गया.
डॉलर के मुकाबले रुपये (Indian Rupee) में आई कमजोरी और ग्लोबल मार्केट में बढ़े कीमतों की वजह से घरेलू बाजार में भी सोने के भाव (Gold Price Today) में तेजी आई है. दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को 10 ग्राम सोने का दाम 422 रुपए चढ़ गया. वहीं, इस दौरान चांदी के भाव में 1,013 रुपए प्रति किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई. हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने की कीमतों में यहां से तेजी की उम्मीद नहीं है.
HDFC सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल के मुताबिक, दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 422 रुपए चढ़ गया. रुपए में कमजोरी की वजह और ग्लोबल मार्केट में तेजी से यहां भी सोने में धारणा मजबूत रही. हालांकि, कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई है. लिहाजा आने वाले दिनों में सोने की कीमतें मौजूदा भाव से नीचे जा सकती है.
सोने का नया भाव
मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 422 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़कर 53,019 रुपए पर पहुंच है. इसके पहले सत्र में सोने का भाव 52,597 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो यहां आज सोने के भाव में उछाल देखने को मिला. यहां अब गोल्ड का नया भाव 1,963 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है.
चांदी की नई कीमतें
चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 1,013 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़कर 70,743 रुपए पर पहुंच गया है. इसके पहले सत्र में चांदी का भाव 69,730 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का नया भाव 27.31 डॉलर प्रति औंस रहा.
सोना वायदा में भी तेजी
हाजिर मांग में तेजी के चलते सटोरियों के नए सौदे करने से सोने की कीमत मंगलवार को वायदा बाजार में 323 रुपए बढ़कर 52,010 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर डिलीवरी के लिए सोने के अनुबंध 323 रुपए या 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 52,010 रुपए प्रति 10 ग्राम पर हुए. इसमें 11,397 लॉट के लिए कारोबार हुआ.
ज़ी बिज़नेस LIVE TV यहां देखें
चांदी वायदा में भी चढ़ा भाव
हाजिर मांग में तेजी के चलते प्रतिभागियों के नए सौदे करने के कारण मंगलवार को वायदा बाजार में चांदी का भाव 392 रुपए बढ़कर 69,357 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर में आपूर्ति के लिए चांदी के सौदे 392 रुपए या 0.57 प्रतिशत बढ़कर 69,357 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर हुए. इसमें 17,224 लॉट के लिए कारोबार हुआ.